CM विष्णु देव साय बंगाल दौरे पर, IPL टिकट सोल्ड आउट, 2300 जोड़ों का सामूहिक विवाह – पढ़ें आज की बड़ी खबरें
Chhattisgarh Morning News
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पश्चिम बंगाल के दौरे पर जा रहे हैं, वहीं रायपुर में IPL मैच को लेकर टिकटों की भारी मांग है।
Morning News : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज शाम 6 बजे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास से रवाना होंगे। वह स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर से कोलकाता के लिए उड़ान भरेंगे और रात 8.25 बजे कोलकाता पहुंचेंगे। इस दौरे पर वे कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे और रात्रि विश्राम कोलकाता में करेंगे।
रायपुर IPL मैच की टिकटें सोल्ड आउट
Morning News : रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच होने वाले मैच की टिकटें सोल्ड आउट हो गई हैं। टिकट की बढ़ती मांग को देखते हुए पुलिस ने ब्लैक मार्केटियों को दबोचने के लिए जाल बिछा दिया है। 13 मई को RCB और KKR के बीच होने वाले दूसरे मुकाबले के लिए अभी 40% टिकट उपलब्ध हैं। टिकटों की शुरुआती कीमत 2,500 से 3,150 रुपये (प्लस GST) के बीच है, जबकि प्रीमियम टिकट 8,000 से 40,000 रुपये तक हैं। टिकट केवल RCB की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं और स्टेडियम में प्रवेश के लिए डिजिटल टिकट (QR कोड) अनिवार्य है।
लोक निर्माण विभाग की मैराथन बैठक का दूसरा दिन
Morning News : उप मुख्यमंत्री अरुण साव राजधानी रायपुर में दो दिनों तक चलने वाली मैराथन बैठक के दूसरे दिन अपने विभाग के कार्यों की समीक्षा करेंगे। नवा रायपुर स्थित विश्राम भवन में पांचों संभागों के सड़क निर्माण की प्रगति पर अधिकारियों से सीधा संवाद किया जाएगा।
जिला कांग्रेस का आज सीएमएचओ कार्यालय में बड़ा प्रदर्शन
शहर के बदहाल अस्पतालों के खिलाफ जिला कांग्रेस आज सुबह 11:30 बजे सीएमएचओ कार्यालय का घेराव करेगी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में होने वाले इस प्रदर्शन में बीजेपी सरकार पर हमर अस्पताल को मेंटेनन्स नहीं करने का आरोप लगाया जाएगा।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना – 2300 से अधिक जोड़े बंधेंगे विवाह सूत्र में
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आज प्रदेश के सभी जिलों में भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित होगा। इस आयोजन में हिंदू, मुस्लिम, ईसाई, बौद्ध सहित विशेष पिछड़ी जनजातियों के 2300 से अधिक जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे। प्रत्येक जोड़े को 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इससे पूर्व 10 फरवरी 2026 को रायपुर में 6,412 जोड़ों का सामूहिक विवाह गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया था।
सिहोर कथावाचक के नाम पर 21 लाख की धोखाधड़ी, केस दर्ज
अंबागढ़ चौकी की भोलेनाथ सेवा समिति ने छुरिया ब्लॉक के ग्राम हालेकोसा निवासी दिनेश साहू पर पंडित प्रदीप मिश्रा की शिवपुराण कथा के नाम पर 21 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। कथा का आयोजन 8 से 14 मई तक होना था, लेकिन जानकारी मिली कि उक्त तारीखों में कथावाचक झारखंड के रांची में हैं। समिति के सदस्य सीहोर स्थित कुबेरश्वर धाम भी पहुंचे, जहां कोई राशि जमा नहीं मिली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
छत्तीसगढ़ में मौसम अपडेट, 20 से अधिक जिलों में यलो अलर्ट
झुलसाने वाली गर्मी से फिलहाल राहत है। राजनांदगांव को छोड़कर सभी जगह अधिकतम तापमान 40 डिग्री से कम रहा। गुरुवार को चरमा में 3 सेमी और गरियाबंद में 1 सेमी बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज 20 से अधिक जिलों में बादल गरजने, बिजली गिरने, 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। अगले 5 दिनों में तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। रायपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
अंबिकापुर में बुलडोजर एक्शन
अंबिकापुर के डबरीपानी इलाके में वन विभाग ने वन भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। कल रात ही विभाग ने नोटिस चस्पा किए थे। इस इलाके में 30 से अधिक लोगों ने अतिक्रमण किया है। भारी संख्या में पुलिस, प्रशासन और वनविभाग की टीम मौजूद है। लोग अपना सामान बाहर निकालने में जुटे हैं।
हंता वायरस पर WHO का अलर्ट – 12 देशों को जारी चेतावनी
UK ने अंतर्राष्ट्रीय स्वास्थ्य विनियमों के तहत WHO को गंभीर सांस की बीमारी वाले यात्रियों के समूह के बारे में सूचित किया। डच-ध्वज वाले क्रूज पर फैले हंता वायरस से 8 मामले सामने आए हैं, जिनमें 3 लोगों की मौत हुई है और 5 मामलों में हंटावायरस की पुष्टि हुई है। WHO के महानिदेशक ने बताया कि 12 देशों को अलर्ट जारी किया गया है। सेंट हेलेना में उतरे यात्रियों के कारण अलर्ट जारी किया गया है। WHO स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
Read More: Aaj Ka Rashifal 08 May 2026 : आज इन 3 राशियों की चमकेगी किस्मत, मिलेगा बड़ा फायदा!
