अस्पताल सहायक भर्ती 2026: 10वीं पास युवाओं के लिए 1200 पदों पर निकली भर्ती, आवेदन प्रक्रिया शुरू

अस्पताल सहायक भर्ती 2026

मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड (MPESB) ने अस्पताल सहायक भर्ती 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 1200 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे 10वीं पास युवाओं के लिए यह एक शानदार अवसर माना जा रहा है। इच्छुक उम्मीदवार 21 मई 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

अलग-अलग वर्गों के लिए तय किए गए पद

भर्ती में विभिन्न वर्गों के उम्मीदवारों के लिए आरक्षण का प्रावधान रखा गया है। जारी अधिसूचना के अनुसार अनारक्षित वर्ग के लिए 324 पद निर्धारित किए गए हैं। वहीं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 120 पद आरक्षित किए गए हैं। इसके अलावा अनुसूचित जाति (SC) वर्ग के लिए 192, अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 240 और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए 324 पद तय किए गए हैं।

10वीं पास होना जरूरी

इस भर्ती प्रक्रिया में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना अनिवार्य है। आयु सीमा की बात करें तो सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं मध्य प्रदेश के आरक्षित वर्ग और महिला उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट दी गई है। ऐसे उम्मीदवार 45 वर्ष तक आवेदन कर सकेंगे।

आवेदन शुल्क की जानकारी

भर्ती परीक्षा के लिए सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 500 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। जबकि एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये रखा गया है।

दिव्यांग उम्मीदवारों को मिलेगी विशेष सुविधा

एमपीईएसबी ने दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की हैं। जिन उम्मीदवारों को परीक्षा के दौरान स्क्राइब यानी सहायक लेखक की आवश्यकता होगी, उन्हें अतिरिक्त समय दिया जाएगा। बोर्ड के अनुसार परीक्षा की अवधि के आधार पर 30 मिनट से लेकर 1 घंटे तक अतिरिक्त समय उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही दिव्यांग उम्मीदवारों के परीक्षा केंद्र ग्राउंड फ्लोर पर रखने का प्रयास किया जाएगा, ताकि उन्हें किसी तरह की असुविधा न हो।

ऐसे करें आवेदन

उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए सबसे पहले MPESB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर नया रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद लॉगिन कर आवेदन फॉर्म भरना होगा।
फॉर्म भरते समय जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे और निर्धारित आवेदन शुल्क जमा करना होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवारों को आवेदन पत्र का प्रिंट आउट सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।

24 जून को होगी परीक्षा

अस्पताल सहायक भर्ती परीक्षा का आयोजन 24 जून 2026 को किया जाएगा। बोर्ड के मुताबिक परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी एडमिट कार्ड जारी होने के बाद उपलब्ध कराई जाएगी। सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए यह भर्ती एक अच्छा मौका है। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।

read more : महिलाओं के नाम जमीन-घर खरीदना हुआ आसान: अब प्रॉपर्टी रजिस्ट्री पर लगेगा आधा शुल्क

Youthwings