छत्तीसगढ़ में लगातार भूकंप के झटके: 36 घंटे में तीसरी बार भूकंप से बढ़ी चिंता,एक मासूम की मौत

भूकंप

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के उड़ीसा बॉर्डर क्षेत्र में लगातार हो रही भूकंपीय हलचल और खराब मौसम ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले 36 घंटे के भीतर तीसरी बार धरती के कांपने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। इसी बीच आकाशीय बिजली गिरने की दर्दनाक घटना में एक 13 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जिससे पूरा इलाका शोक में डूब गया है।

लगातार भूकंप के झटकों से ग्रामीणों में भय

देवभोग क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब 2:20 बजे हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए। इससे पहले बीती रात लगभग 7:20 बजे भी धरती कांपी थी। एक दिन पहले आए झटकों की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 0.7 दर्ज की गई थी।

हालांकि अभी तक किसी प्रकार के बड़े नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन बार-बार हो रही इस भूगर्भीय गतिविधि ने लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। कई ग्रामीण एहतियात के तौर पर अपने घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों पर समय बिताते नजर आए।

भूकंप

विशेषज्ञों की राय: फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं

विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के हल्के भूकंप भूगर्भीय हलचल का संकेत हो सकते हैं, लेकिन फिलहाल किसी बड़े खतरे की संभावना नहीं है। प्रशासन ने भी लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है।

आकाशीय बिजली गिरने से 13 वर्षीय बालक की मौत

इसी क्षेत्र के देवभोग थाना अंतर्गत मुरगुड़ा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 13 वर्षीय क्षीरसागर यादव की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बालक घर के बाहर मौजूद था, तभी अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज गर्जना के साथ गिरी बिजली उसकी चपेट में आ गई। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

भूकंप

खराब मौसम को लेकर प्रशासन की अपील

पिछले तीन दिनों से इलाके में दोपहर के समय मौसम लगातार खराब हो रहा है। बारिश के साथ-साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में न रहें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें, ताकि ऐसी दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

read more : रायपुर में लिफ्ट सुरक्षा पर बड़ा सवाल: लगातार हादसे, आखिर कब जागेगा सिस्टम?

Youthwings