Assembly Elections 2026: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में आज मतदान, 5500 से ज्यादा उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर
Assembly Elections 2026: कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच दोनों राज्यों में करोड़ों मतदाता करेंगे अपने अधिकार का इस्तेमाल
Assembly Elections 2026: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में आज विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान हो रहा है। 5500 से ज्यादा उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है। जानिए जिलों, उम्मीदवारों और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी।
Assembly Elections 2026: विधानसभा चुनाव 2026 के तहत आज पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में मतदान हो रहा है। दोनों राज्यों में लोकतंत्र का यह महापर्व कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच संपन्न कराया जा रहा है। जहां पश्चिम बंगाल में पहले चरण के तहत 152 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं, वहीं तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर एक ही चरण में मतदान हो रहा है।

पश्चिम बंगाल: 1478 उम्मीदवार मैदान में
पश्चिम बंगाल के पहले चरण में 152 सीटों पर कुल 1,478 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। राज्य में लगभग 3.6 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें बड़ी संख्या में महिला मतदाता भी शामिल हैं।
इस चरण में जिन प्रमुख जिलों में मतदान हो रहा है, उनमें मुर्शिदाबाद, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, दार्जिलिंग, मालदा, बीरभूम, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, पुरुलिया और बांकुड़ा शामिल हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मतदान को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की 2407 कंपनियां तैनात की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था संवेदनशील क्षेत्रों और पिछले चुनावी अनुभवों को ध्यान में रखते हुए की गई है।
तमिलनाडु: 4023 उम्मीदवारों की परीक्षा
तमिलनाडु में सभी 234 सीटों पर एक ही दिन मतदान हो रहा है। यहां कुल 4,023 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं और लगभग 5.73 करोड़ मतदाता अपने वोट से सरकार का फैसला करेंगे।
इस बार चुनाव में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके पर भी खास नजरें टिकी हैं, क्योंकि कई सीटों पर उन्हें अच्छा समर्थन मिलता दिखाई दे रहा है।
