Phone Camera Cleaning Tips: फोन कैमरा साफ करने में न करें ये गलती, टी-शर्ट से पोंछना पड़ सकता है भारी
Phone Camera Cleaning Tips: आजकल स्मार्टफोन हर किसी की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है और कैमरा उसकी सबसे जरूरी फीचर में से एक है। लेकिन अक्सर लोग कैमरा लेंस साफ करने के दौरान ऐसी गलती कर बैठते हैं, जिससे फोन का सबसे महंगा हिस्सा धीरे-धीरे खराब हो सकता है।
अगर आप भी फोटो लेने से पहले अपने स्मार्टफोन का कैमरा अपनी टी-शर्ट या किसी सामान्य कपड़े से साफ करते हैं, तो सावधान हो जाइए। यह तरीका कैमरे को साफ करने के बजाय उसे नुकसान पहुंचा सकता है।
लेंस पर आ सकती हैं खरोंचें
टी-शर्ट या सामान्य कपड़ों में मौजूद धूल के बारीक कण आंखों से दिखाई नहीं देते, लेकिन जब इन्हें लेंस पर रगड़ा जाता है तो ये ‘रेगमाल’ की तरह काम करते हैं। इससे कैमरा लेंस पर बारीक खरोंचें आ सकती हैं, जो समय के साथ फोटो क्वालिटी को खराब कर देती हैं और तस्वीरें धुंधली आने लगती हैं।
फोकस करने में हो सकती है दिक्कत
कपड़ों में मौजूद छोटे-छोटे रेशे कैमरे के लेंस या उसके किनारों में फंस सकते हैं। इससे कैमरे को सही तरीके से फोकस करने में परेशानी होती है और फोटो क्लिक करते समय ब्लर या अनफोकस्ड इमेज आने लगती हैं।
कोटिंग को भी हो सकता है नुकसान
स्मार्टफोन कैमरा लेंस पर एक खास तरह की कोटिंग होती है, जो उसे रिफ्लेक्शन और दाग-धब्बों से बचाती है। बार-बार टी-शर्ट से रगड़ने पर यह कोटिंग धीरे-धीरे हटने लगती है, जिससे कैमरे की परफॉर्मेंस पर असर पड़ता है।
कैमरा साफ करने का सही तरीका
आपको बताते चले कि कैमरा लेंस को साफ करने के लिए हमेशा माइक्रोफाइबर कपड़े का इस्तेमाल करना चाहिए, जैसा कि चश्मे के साथ मिलता है। यह कपड़ा मुलायम होता है और धूल को बिना नुकसान पहुंचाए साफ कर देता है।
इसके अलावा, जरूरत पड़ने पर हल्के हाथ से लेंस को साफ करें और ज्यादा दबाव डालने से बचें, ताकि कैमरा लंबे समय तक बेहतर परफॉर्मेंस देता रहे।
