Sharmistha Panoli Controversy: ऑपरेशन सिंदूर पर बयान देकर फंसी शर्मिष्ठा पनोली, गिरफ्तार, कंगना रनौत ने किया समर्थन

Kangana Ranaut Sharmistha Panoli arrest

Kangana Ranaut Sharmistha Panoli arrest

Sharmistha Panoli Controversy: सोशल मीडिया पर विवादित बयान देने के मामले में 22 वर्षीय लॉ छात्रा और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शर्मिष्ठा पनोली को कोलकाता पुलिस ने गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया है। उनका बयान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर था, जिसे लेकर उन पर धार्मिक भावनाएं भड़काने और सार्वजनिक शांति भंग करने के आरोप लगे हैं। इस मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।

क्या है मामला?

शर्मिष्ठा पनोली ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर बॉलीवुड के तीन खान अभिनेताओं की चुप्पी पर सवाल उठाया। इस दौरान उन्होंने एक विशेष समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिससे सोशल मीडिया पर विवाद खड़ा हो गया।

वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें ट्रोलिंग का शिकार होना पड़ा और उनकी गिरफ्तारी की मांग उठने लगी। उन्होंने वीडियो को हटा दिया और माफी भी मांगी, लेकिन 30 मई को पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और 31 मई को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें 13 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

कौन हैं शर्मिष्ठा पनोली?

शर्मिष्ठा पनोली कोलकाता के आनंदपुर की रहने वाली हैं और इस समय पुणे में कानून की पढ़ाई कर रही हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 13 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं और वे सोशल मीडिया पर सक्रिय रहती हैं। गिरफ्तारी के बाद उनका मूल इंस्टाग्राम अकाउंट प्राइवेट हो गया है और एक नया अकाउंट बनाया गया है।

कंगना रनौत का समर्थन

इस मामले में अब बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत शर्मिष्ठा के समर्थन में उतर आई हैं। कंगना ने एक पोस्ट में कहा कि शर्मिष्ठा ने माफी मांग ली है और वीडियो डिलीट भी कर दिया है, ऐसे में उसे कानून के जरिए परेशान करना और उसका करियर बर्बाद करना गलत है। उन्होंने पश्चिम बंगाल पुलिस पर निशाना साधते हुए लिखा, “बंगाल को नॉर्थ कोरिया मत बनाइए।”

कंगना ने ममता बनर्जी से अपील करते हुए कहा कि एक युवा लड़की का भविष्य दांव पर है, उसे जल्द से जल्द रिहा किया जाना चाहिए। कंगना ने कहा, “आज की युवा पीढ़ी इसी तरह बोलती है – कोई अंग्रेज़ी में, कोई हिंदी में। हम सभी को समझना होगा कि वे सीख रहे हैं, गलती कर सकते हैं, लेकिन सुधार का मौका मिलना चाहिए।”

सियासत में भी गरमाई बहस

इस गिरफ्तारी के बाद मामला राजनीतिक रूप भी ले चुका है। पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सरकार सनातनियों के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई करती है। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि महुआ मोइत्रा और सायोनी घोष जैसे टीएमसी नेताओं के खिलाफ जब एफआईआर दर्ज हुई थी, तब उन पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

वहीं, कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने भी इस गिरफ्तारी को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर किसी को इस तरह अंतरराज्यीय स्तर पर गिरफ्तार करना पुलिस की ताकत का दुरुपयोग है, जब तक कि कोई वास्तविक खतरा न हो।

क्या था ऑपरेशन सिंदूर?

‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारतीय सेना की ओर से की गई एक बड़ी कार्रवाई थी, जो पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में की गई थी। इस हमले में 26 निर्दोष लोगों की जान गई थी। इस पूरे मामले में शर्मिष्ठा पनोली ने अपने वीडियो में इस पर बॉलीवुड की चुप्पी पर नाराज़गी जताई थी, लेकिन उनकी भाषा विवाद का कारण बन गई।

शर्मिष्ठा पनोली की गिरफ्तारी ने न केवल सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है बल्कि इससे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, धार्मिक संवेदनाएं, और कानून के इस्तेमाल को लेकर भी कई सवाल उठ खड़े हुए हैं। जहां एक तरफ उन्हें माफी मांगने के बावजूद गिरफ्तार किया गया, वहीं दूसरी ओर इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया जा रहा है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में इस मामले में क्या नया मोड़ आता है।

Youthwings