रायपुर में बकायादारों को चेतावनी, समय पर टैक्स नहीं चुकाने पर होगी कुर्की और सीलबंदी
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नगर पालिक निगम के राजस्व विभाग द्वारा शहर के सभी 70 वार्डों में बड़े बकायादारों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समय पर बकाया राशि जमा नहीं करने वाले लोगों पर कुर्की और सीलबंदी जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने अपील की है कि सभी बकायादार कार्रवाई से बचने के लिए जल्द से जल्द अपनी बकाया राशि जमा कर दें। प्रशासन ने बताया कि 31 मार्च 2026 तक कर जमा नहीं करने पर 17 प्रतिशत अधिभार के साथ बकाया वसूला जाएगा, जिससे करदाताओं को अतिरिक्त आर्थिक बोझ और परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
निगम के सभी 10 जोन कार्यालयों के राजस्व विभाग और काउंटर अंतिम तिथि तक खुले रहेंगे, जिसमें महावीर जयंती जैसे अवकाश दिवस भी शामिल हैं। नागरिक अपने नजदीकी जोन कार्यालय में जाकर आसानी से सम्पत्तिकर जमा कर सकते हैं।
इसके अलावा, ‘मोर रायपुर’ मोबाइल ऐप और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी घर बैठे सम्पत्तिकर का भुगतान किया जा सकता है। इस सुविधा के जरिए नागरिक एक क्लिक में अपने सभी निगम करों का भुगतान कर सकते हैं। निगम प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस ऑनलाइन सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें और समय पर कर जमा कर प्रशासनिक कार्रवाई से बचें।
