Lormi cheating case : लोरमी में हाईटेक नकल का खुलासा, मोबाइल-ब्लूटूथ से चीटिंग करते 10 छात्र पकड़े, परीक्षा केंद्र निरस्त

लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी स्थित अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय से संबद्ध ममता मयी मिनीमाता महाविद्यालय में परीक्षा के दौरान हाईटेक नकल का मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय की उड़नदस्ता टीम ने मोबाइल और ब्लूटूथ के जरिए नकल करते हुए 10 परीक्षार्थियों को रंगे हाथों पकड़ा। इसके बाद विश्वविद्यालय ने परीक्षा केंद्र को तत्काल निरस्त कर दिया है।

 

जानकारी के अनुसार, परीक्षा में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर विश्वविद्यालय की टीम ने छापामार कार्रवाई की। जांच के दौरान पाया गया कि कई छात्र खुलेआम मोबाइल से नकल कर रहे थे। पहली पाली में 9 छात्रों को मोबाइल के साथ पकड़ा गया, जबकि दूसरी पाली में एक छात्र ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए नकल करते हुए मिला।

 

छापे के दौरान यह भी सामने आया कि परीक्षा कक्ष में तैनात पर्यवेक्षक कॉलेज का स्टाफ नहीं बल्कि बाहरी व्यक्ति था और केंद्राध्यक्ष मौके से अनुपस्थित पाए गए। इस गंभीर लापरवाही के चलते विश्वविद्यालय ने परीक्षा केंद्र को निरस्त कर दिया।

 

अब 28 मार्च को होने वाली परीक्षा शासकीय राजीव गांधी महाविद्यालय लोरमी में आयोजित की जाएगी, जहां 213 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। विश्वविद्यालय ने महाविद्यालय प्रबंधन से सात बिंदुओं पर जवाब भी मांगा है।

 

गौरतलब है कि इस महाविद्यालय में पहले भी नकल के मामले सामने आ चुके हैं। साथ ही यहां बुनियादी सुविधाओं की भी कमी पाई गई है। कॉलेज किराए के भवन में संचालित हो रहा है, जहां पर्याप्त कक्ष, प्रयोगशाला और सुरक्षा व्यवस्था का अभाव है।

Youthwings