कोरबा में अजीब चोरी, नगदी छोड़ चोर ले गए गैस सिलेंडर, कई दुकानें बंद
कोरबा। शहर के घंटाघर स्थित गढ़कलेवा चौपाटी में बीती रात चोरी की एक अनोखी घटना सामने आई, जहां अज्ञात चोरों ने दुकानों से नगदी रकम को छोड़कर केवल गैस सिलेंडर ही चोरी कर लिए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
चौपाटी संघ के अध्यक्ष रवि वर्मा के अनुसार, यहां करीब 60 से अधिक दुकानें संचालित होती हैं, जिनसे कई परिवारों की रोजी-रोटी जुड़ी हुई है। बीती रात चोरों ने मनोज मंचूरियन और एक अन्य व्यापारी जगदीश की दुकानों को निशाना बनाया, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि उन्होंने कैश को हाथ नहीं लगाया और केवल गैस सिलेंडर लेकर फरार हो गए।
घटना की शिकायत सिविल लाइन थाना में दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। स्थानीय व्यवसायी रमेश वर्मा ने बताया कि इन दिनों गैस सिलेंडर की भारी कमी चल रही है। सिलेंडर आसानी से उपलब्ध नहीं हो रहे हैं और ब्लैक में महंगे दामों पर बेचे जा रहे हैं। इसके चलते कई दुकानदारों को मजबूरी में दुकानें बंद करनी पड़ रही हैं।
व्यापारियों ने नगर निगम प्रशासन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि चौपाटी में न तो सीसीटीवी कैमरे ठीक से काम कर रहे हैं और न ही सुरक्षा गार्ड तैनात हैं, जिससे चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश कर रही है।

