सहेली ज्वैलर्स में बवाल : शॉप में चोरी के आरोप पर कर्मचारी को बंधक बनाकर की मारपीट

रायपुर। राजधानी के सदर बाजार स्थित एक ज्वेलरी शॉप में उस समय बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जब दुकान के कर्मचारी पर लाखों रुपये के गहनों की चोरी का आरोप लगाया गया। वहीं कर्मचारी ने उल्टा दुकान संचालक पर उसे बंधक बनाकर घंटों तक मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

जानकारी के मुताबिक, दुकान संचालक ने कर्मचारी आर्यन शर्मा पर करीब 6.49 लाख रुपये के आभूषण चोरी करने का आरोप लगाया है। दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज में कर्मचारी को गहने जेब में रखते हुए देखा गया है। प्रबंधन का दावा है कि पूछताछ के दौरान कर्मचारी ने चोरी की बात स्वीकार कर ली थी, जिसके बाद उसके परिजनों ने गहने वापस कर दिए।

 

वहीं दूसरी ओर कर्मचारी आर्यन शर्मा ने दुकान संचालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि उसे दुकान में बंधक बनाकर करीब 8 घंटे तक बेरहमी से पीटा गया। साथ ही उसकी मां से जेवर मंगवाकर छोड़ने और जान से मारने की धमकी भी दी गई।

 

इस घटना के बाद मामला तूल पकड़ गया है, क्योंकि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी।

Youthwings