Bastar road accident :बस्तर में VIP काफिले की गाड़ी से हादसा, दो युवकों की मौत
जगदलपुर। जगदलपुर के बस्तर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। यह घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर बालेंगा पेट्रोल पंप के पास हुई, जहां तेज रफ्तार में आ रही एक फॉलो गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि यह गाड़ी एक पूर्व मंत्री के काफिले की फॉलो वाहन थी, जो रायपुर से जगदलपुर आ रही थी। काफिला आगे निकल गया था और फॉलो गाड़ी पीछे छूट गई थी। काफिले को कवर करने की जल्दबाजी में चालक ने तेज रफ्तार से वाहन चलाया, जिससे यह हादसा हुआ।
सीसीटीवी फुटेज में भी गाड़ी की तेज रफ्तार साफ दिखाई दे रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक उछलकर दूर जा गिरा और उसे अस्पताल ले जाते समय उसकी भी मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गुस्साए ग्रामीणों ने वाहन चालक को घेर लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन का संतुलन बिगड़ना हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि इस घटना ने VIP काफिलों की सुरक्षा व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देखें हादसे का लाइव वीडियो :-
