अफीम पर नकेल, नक्सलियों को संकेत: सीएम साय का ‘मिशन क्लीन’ छत्तीसगढ़।

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अफीम की अवैध खेती, विदेश नीति और नक्सलियों के आत्मसमर्पण जैसे मुद्दों पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य में कहीं भी अफीम की खेती बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसमें शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

सीएम साय ने बताया कि दुर्ग जिले में मामला सामने आने के बाद सभी कलेक्टरों को सख्त निर्देश दिए गए थे। कई जगहों पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध खेती को चिन्हांकित किया है। उन्होंने दो टूक कहा कि चाहे कोई कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून के तहत कार्रवाई जरूर होगी। इस मामले में कलेक्टरों की बैठक लेकर रिपोर्ट भी मांगी गई है, जिसके आधार पर आगे कदम उठाए जा रहे हैं।

 

विपक्ष द्वारा केंद्र सरकार की विदेश नीति पर उठाए गए सवालों पर जवाब देते हुए सीएम साय ने कहा कि नरेंद्र मोदी एक मजबूत नेता हैं और उनकी विदेश नीति प्रभावी है। उन्होंने कहा कि भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए अवसर खुले हैं और गैस व तेल की आपूर्ति भी बेहतर हुई है।

 

नक्सलियों के आत्मसमर्पण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का स्पष्ट लक्ष्य देश से नक्सलवाद को समाप्त करना है। उन्होंने कहा कि 31 मार्च की समय सीमा के बीच लगातार नक्सली आत्मसमर्पण कर रहे हैं और पापाराव जैसे बड़े नक्सलियों का सरेंडर होना सकारात्मक संकेत है।

 

सीएम साय ने इसे राज्य और देश के लिए अच्छा संकेत बताते हुए कहा कि सरकार नक्सलवाद खत्म करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

Youthwings