Khallari Ropeway Accident: एक और श्रद्धालु की मौत, अब तक 2 की जान गई, CM ने किया बड़ा ऐलान
Khallari Ropeway Accident: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले स्थित प्रसिद्ध खल्लारी माता मंदिर में हुए रोपवे हादसे से जुड़ा बड़ा अपडेट सामने आया है। इस दुर्घटना में एक और श्रद्धालु की मौत हो गई है। इलाज के दौरान रायपुर निवासी 50 वर्षीय गोविंद स्वामी ने दम तोड़ दिया। उनका उपचार रायपुर के MMI अस्पताल में चल रहा था।
इस हादसे में गोविंद स्वामी की पत्नी और बच्ची गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है। इससे पहले इस हादसे में रायपुर की 28 वर्षीय शिक्षिका आयुषी साठकर की भी मौत हो चुकी है, जबकि उनके पति ऋषभ गंभीर रूप से घायल हैं।
यह हादसा रविवार को नवरात्रि के चौथे दिन हुआ, जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु खल्लारी माता मंदिर पहुंचे थे। मंदिर पहाड़ी पर स्थित है, जहां पहुंचने के लिए रोपवे का इस्तेमाल किया जाता है। इसी दौरान रोपवे का केबल अचानक टूट गया, जिससे ट्रॉली झटके से नीचे आ गई और उसमें बैठे लोग घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि इस रोपवे का मेंटेनेंस मात्र चार दिन पहले ही किया गया था। यह रोपवे करीब दो साल पहले स्थापित किया गया था और इसके रखरखाव की जिम्मेदारी एक कोलकाता स्थित कंपनी के पास है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और घटना की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
सरकार ने आश्वासन दिया है कि घायलों का बेहतर इलाज कराया जा रहा है और इस पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
