ओवरब्रिज पर शराब के साथ बर्थडे पार्टी, युवती समेत 4 गिरफ्तार
बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र में संबलपुर ओवरब्रिज पर शराब के नशे में बर्थडे पार्टी मनाना युवती और उसके दोस्तों को भारी पड़ गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक युवती सहित तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया और कार भी जब्त कर ली।
सकरी थाना प्रभारी विजय चौधरी के अनुसार, रविवार रात करीब 12 बजे सूचना मिली कि कुछ लोग ओवरब्रिज पर कार खड़ी कर केक काट रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और देखा कि एक काले रंग की कार सड़क पर खड़ी है, जहां तीन युवक और एक युवती बर्थडे मना रहे थे।
पुलिस ने मौके से कोरबा निवासी निहाल सांडिल्य (22), अतुल वर्मा (21), प्रियांशु चौरासिया (19) और राजकिशोर नगर की 19 वर्षीय युवती को हिरासत में लिया। पूछताछ में युवकों ने बताया कि निहाल का जन्मदिन मनाने के लिए वे वहां पहुंचे थे।
जांच के दौरान सभी शराब के नशे में पाए गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 285, 3(5) और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की। साथ ही मौके पर मौजूद कार को भी जब्त कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हाईकोर्ट के निर्देश के बाद सड़क पर अवरोध उत्पन्न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस तरह के मामलों में पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है और जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।

