गाली-गलौज के विवाद में चली गोली, रिटायर्ड फौजी समेत दो गिरफ्तार

जांजगीर। जांजगीर जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में गाली-गलौज के विवाद के दौरान गोली चलने से इलाके में हड़कंप मच गया। एक रिटायर्ड आर्मी हवलदार ने अपने भाई से विवाद करने वाले युवक पर लाइसेंसी पिस्टल से गोली चला दी।

 

घटना सुबह करीब 10 बजे की है। पामगढ़ के विकास नगर निवासी शैलेंद्र साहू अपने साथियों के साथ हिमांशु किराना स्टोर के पास गाली-गलौज कर रहा था। दुकान संचालक हिमांशु श्रीवास ने उसे ऐसा करने से मना किया, जिससे विवाद बढ़ गया। इसी दौरान हिमांशु का भाई गुलशन श्रीवास मौके पर पहुंचा और उसने पंकज कश्यप पर गोली चला दी, जो उसके पैर में लगी।

 

घायल युवक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बिलासपुर रेफर किया गया। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी गुलशन श्रीवास को हिरासत में ले लिया। वह आर्मी के सिग्नल कोर का रिटायर्ड हवलदार बताया जा रहा है। उसके साथ ही उसके भाई हिमांशु श्रीवास को भी सहयोग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल भी जब्त कर ली गई है।

 

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया जा रहा है और आगे की जांच जारी है।

 

Youthwings