Air India flight Issue: 7 घंटे हवा में भटकी फ्लाइट, यात्रियों का झटका और कंपनी का नुकसान
Air India flight Issue: एयर इंडिया एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन इस बार वजह ऑपरेशनल चूक बनी। दिल्ली से वैंकूवर जा रही फ्लाइट AI-185 को गलत विमान भेजने के कारण करीब 7 घंटे बाद वापस लौटना पड़ा। फ्लाइट में 300 से ज्यादा यात्री मौजूद थे और वे इस घटना से हैरान रह गए।
दरअसल, वैंकूवर के लिए तैनात होना वाला विमान बोइंग 777-300ER था, लेकिन एयर इंडिया ने गलती से बोइंग 777-200LR भेज दिया। 777-200LR को कनाडा में उतरने की अनुमति नहीं थी, इसलिए विमान को बीच रास्ते में ही वापस दिल्ली लौटना पड़ा। फ्लाइट गुरुवार सुबह 11:34 बजे दिल्ली से उड़ी थी और लगभग 4 घंटे बाद कुनमिंग के एयरस्पेस में गलती का पता चला। इसके बाद तुरंत विमान को मोड़ दिया गया और शाम 7:19 बजे यह सुरक्षित रूप से दिल्ली में लैंड हुई।
एयर इंडिया ने इसे ‘ऑपरेशनल इश्यू’ बताया और सभी यात्रियों को सुरक्षित रहने का आश्वासन दिया। यात्रियों को होटल में ठहराया गया और अगले दिन दूसरी फ्लाइट से वैंकूवर भेजा गया। इस गलती से कंपनी को करीब ₹60 लाख का नुकसान हुआ, क्योंकि 7 घंटे की उड़ान में बोइंग 777 ने भारी मात्रा में ईंधन खर्च किया।
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब एयर इंडिया ने यूरोप और नॉर्थ अमेरिका रूट्स के लिए अतिरिक्त उड़ानों का ऐलान किया है। ऑपरेशनल चूक ने कंपनी की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
