छत्तीसगढ़ में LPG सप्लाई पर सख्त निगरानी, आसान बुकिंग और दुरुपयोग पर कार्रवाई तेज
छत्तीसगढ़ सरकार घरेलू एलपीजी की उपलब्धता और उपभोक्ताओं तक इसकी नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी और समीक्षा कर रही है। खाद्य सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों और ऑयल कंपनियों को बुकिंग व्यवस्था को और सरल बनाने के निर्देश दिए।
आसान होगी LPG बुकिंग
बैठक में व्हॉट्सएप नंबर, मोबाइल नंबर, IVRS और वेबसाइट के जरिए बुकिंग सुविधाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन द्वारा जारी नए बुकिंग नंबर (मोबाइल: 8927225667, IVRS: 8391990070) को आम जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
दुरुपयोग पर सख्त कार्रवाई
घरेलू एलपीजी के दुरुपयोग को रोकने के लिए खाद्य विभाग और जिला प्रशासन द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है। अब तक 214 छापों में 1013 सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं।
इनमें रायपुर जिले में 392 और बिलासपुर में 201 सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
लंबित बुकिंग जल्द पूरी करने के निर्देश
खाद्य सचिव ने सभी जिलों में लंबित एलपीजी बुकिंग को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए सिलेंडरों की आपूर्ति बढ़ाई गई है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
जरूरी सेवाओं को प्राथमिकता
केंद्र के दिशा-निर्देशों के अनुसार अस्पताल, शैक्षणिक संस्थान, सैन्य और अर्द्धसैनिक कैंप, जेल, हॉस्टल, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट कैंटीन को उनकी जरूरत के अनुसार गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
शिकायत के लिए हेल्पलाइन
एलपीजी बुकिंग और आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के लिए खाद्य विभाग का कॉल सेंटर सक्रिय है। उपभोक्ता 1800-233-3663 और 1967 पर संपर्क कर सकते हैं।
सरकार का कहना है कि इन कदमों से एलपीजी की उपलब्धता बेहतर होगी और उपभोक्ताओं को समय पर गैस मिल सकेगी।
