अस्पताल में दिखे जाकिर खान, फैंस हुए चिंतित, सेहत को लेकर बढ़ी बेचैनी
मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन जाकिर खान अपने शानदार ह्यूमर के लिए युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं। हाल ही में वे अपने भाई अरबाज खान के व्लॉग में अस्पताल के कपड़ों में नजर आए, जिसके बाद फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंतित हो गए हैं।
यह वीडियो रमजान व्लॉग का हिस्सा है, जिसमें जाकिर खान को लीलावती हॉस्पिटल के एक प्राइवेट रूम में देखा गया। उन्होंने गुलाबी रंग का हॉस्पिटल रोब पहना हुआ था और दोस्तों व परिवार के साथ क्रिकेट मैच देखते नजर आए। जब उनसे हाल पूछा गया तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि मैच अभी फंसा हुआ है।
इससे पहले जाकिर खान ने खराब तबीयत का हवाला देते हुए काम और सोशल मीडिया से ब्रेक लेने की बात कही थी। ऐसे में अस्पताल से सामने आए इस वीडियो ने फैंस की चिंता बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर लोग उनकी सेहत को लेकर सवाल पूछ रहे हैं और जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं।
हाल ही में हैदराबाद में अपने लाइव शो के दौरान भी उन्होंने बताया था कि वे कुछ समय के लिए कॉमेडी से ब्रेक लेने वाले हैं। यह शो उनके “पापा यार” टूर का हिस्सा था। हालांकि अब तक उनकी बीमारी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
व्लॉग में वे सामान्य बातचीत करते नजर आए, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि स्थिति ज्यादा गंभीर नहीं हो सकती।

