Raipur Chakubaji News: राजधानी में गैंगवार, दो गुटों के बीच चाकूबाजी से फैली दहशत
Raipur Chakubaji News: राजधानी रायपुर में अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम लागू किया गया है, लेकिन इसके बावजूद आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शहर में लगातार लूटपाट, मारपीट और चाकूबाजी जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। इसी बीच देर रात राजधानी में दो गुटों के बीच गैंगवार का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। यहां दो गुटों के बीच शुरू हुआ विवाद अचानक गैंगवार में बदल गया। बताया जा रहा है कि अभिषेक सोनी और विक्रम के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था।
विवाद इतना बढ़ गया कि विक्रम ने अपने साथियों के साथ मिलकर अभिषेक का पीछा किया और उस पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूत्रों के अनुसार इस पूरे विवाद के पीछे गांजा बेचने को लेकर पुरानी रंजिश होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि इस मामले में गांजा तस्कर रवि साहू और गैंगस्टर मुकेश बनिया से जुड़े गुर्गों के बीच आपसी विवाद हुआ था।
घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में डर और तनाव का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि रवि साहू फिलहाल गांजा तस्करी के मामले में करीब 10 साल की सजा काट रहा है, जबकि मुकेश बनिया भी इसी मामले में रायपुर जेल में बंद है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
