12वीं हिंदी पेपर लीक का आरोप: माशिमं ने पुलिस और साइबर सेल में दर्ज कराई FIR, NSUI ने किया घेराव
पेपर लीक
राजधानी रायपुर में 12वीं कक्षा के हिंदी विषय के प्रश्नपत्र के लीक होने के कथित मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने पुलिस और साइबर सेल में एफआईआर दर्ज कराकर जांच शुरू करवा दी है। वहीं इस मुद्दे को लेकर छात्र संगठन NSUI ने मंडल कार्यालय का घेराव कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
व्हाट्सऐप ग्रुप में पहले ही शेयर हुए थे सवाल
NSUI का आरोप है कि हिंदी विषय की परीक्षा से पहले एक व्हाट्सऐप ग्रुप में कुछ सवाल साझा किए गए थे। संगठन का दावा है कि वही सवाल अगले दिन 14 मार्च को आयोजित 12वीं हिंदी के प्रश्नपत्र में लगभग उसी क्रम में पूछे गए।
NSUI ने किया मंडल कार्यालय का घेराव
पेपर लीक के आरोपों को लेकर NSUI के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल कार्यालय पहुंचे और वहां प्रदर्शन करते हुए घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
NSUI ने कहा कि यदि प्रश्नपत्र वास्तव में परीक्षा से पहले लीक हुआ है, तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। संगठन का कहना है कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वहीं माध्यमिक शिक्षा मंडल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि व्हाट्सऐप पर वायरल हुए प्रश्नपत्र और वास्तविक प्रश्नपत्र के बीच क्या संबंध है।
