तीन दिनों तक मांस-मटन बिक्री पर रहेगा प्रतिबंध: नगर निगम ने जारी किया आदेश, बिक्री करते पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी

मांस-मटन बिक्री पर रहेगा प्रतिबंध

मांस-मटन बिक्री पर रहेगा प्रतिबंध

राजधानी रायपुर में आगामी धार्मिक पर्वों को देखते हुए नगर निगम ने मांस और मटन की बिक्री पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। नगर निगम द्वारा जारी आदेश के अनुसार निगम सीमा के भीतर संचालित सभी मांस की दुकानें और बूचड़खाने तय तारीखों पर पूरी तरह बंद रहेंगे। यह निर्णय मार्च महीने में आने वाले तीन प्रमुख धार्मिक पर्वों के दौरान लागू रहेगा।

चेट्रीचंड, रामनवमी और महावीर जयंती पर रहेगा प्रतिबंध

नगर निगम के आदेश के मुताबिक सिंधी समाज के प्रमुख त्योहार चेट्रीचंड के अवसर पर 20 मार्च, भगवान राम के जन्मोत्सव रामनवमी पर 27 मार्च और जैन धर्म के पावन पर्व महावीर जयंती पर 31 मार्च को शहर में मांस और मटन की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इन दिनों निगम क्षेत्र के सभी बूचड़खाने और मांस की दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए विशेष कार्ययोजना बनाई है। सभी ज़ोन के अधिकारियों और स्वच्छता निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी और निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।

निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध केवल बाजारों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि होटलों और अन्य प्रतिष्ठानों में भी मांस परोसने या बेचने की अनुमति नहीं होगी। यदि कोई व्यापारी नियमों का उल्लंघन करता हुआ पाया जाता है तो उसका सामान जब्त किया जाएगा और संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

धार्मिक भावनाओं के सम्मान के लिए लिया गया फैसला

नगर निगम प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय शहर में धार्मिक भावनाओं का सम्मान बनाए रखने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। इन त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोग पूजा-पाठ और धार्मिक आयोजनों में शामिल होते हैं, इसलिए परंपरा के अनुसार मांस की बिक्री पर अस्थायी रोक लगाई जाती है।

नगर निगम ने व्यापारियों और नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर इस आदेश का पालन करें। साथ ही प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई दुकानदार इन दिनों में मांस की बिक्री करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

read more : घटारानी में भीषण आगजनी: देर रात 16 दुकानें जलकर खाक, करीब 15 लाख का नुकसान

Youthwings