घटारानी में भीषण आगजनी: देर रात 16 दुकानें जलकर खाक, करीब 15 लाख का नुकसान

घटारानी में भीषण आगजनी

घटारानी में भीषण आगजनी

प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक और पर्यटन स्थल घटारानी में शनिवार देर रात भीषण आगजनी की घटना सामने आई। रात करीब 2 बजे लगी आग ने वहां लगे नियमित बाजार की 16 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में दुकानदारों का लगभग 15 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

तेज धमाके जैसी आवाज से हुआ आग का पता

मंदिर के पुजारी धनसिंग ध्रुव को रात करीब 2 बजे कुछ फटने जैसी तेज आवाजें सुनाई दीं। आवाज सुनकर उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों और दुकानदारों को सूचना दी। जब तक ग्रामीण और दुकानदार मौके पर पहुंचे, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था और कई दुकानें जलने लगी थीं। प्राथमिक आशंका जताई जा रही है कि किसी शरारती तत्व या फिर महुआ बीनने वालों द्वारा लगाई गई आग की वजह से यह हादसा हुआ होगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पानी की कमी से नहीं बुझ पाई आग

आग बुझाने के लिए ग्रामीण और दुकानदार बर्तनों में पानी भरकर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन घटारानी परिसर में पानी की भारी कमी के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका।

पीड़ित दुकानदारों का कहना है कि अगर परिसर में पानी की पर्याप्त व्यवस्था होती, तो दुकानों को जलने से बचाया जा सकता था। सूचना मिलने के बाद रात करीब 3 बजे तक अन्य दुकानदार भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक अधिकांश दुकानें पूरी तरह जल चुकी थीं।

इन दुकानदारों को हुआ नुकसान

इस आगजनी की घटना में कई दुकानदारों को भारी नुकसान हुआ है। प्रभावित लोगों में भीखम साहू (जमाही) को लगभग 5 लाख, राजेंद्र ध्रुव (जमाही) को 2 लाख, सुनिता देवांगन (चरौदा) को 5 लाख का नुकसान बताया गया है।

इसके अलावा मनोज यादव (फुलझर) और लीलाराम गंधर्व (फुलझर) को 12-12 हजार, खेमन ध्रुव, रामकुमार यादव, मदन ध्रुव, नोहर (धनसिंग) को करीब 15-15 हजार का नुकसान हुआ है। वहीं महेंद्र साहू (फुलझर) को 20 हजार और पूनम साहू (मुरमुरा) को करीब 25 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। खेलावन ध्रुव (टेमन चरौद) भी इस आगजनी में प्रभावित हुए हैं।

read more : रायपुर में चेकिंग के दौरान नशे में युवक ने थाना प्रभारी से की मारपीट, आरोपी गिरफ्तार

 

Youthwings