Chhattisgarh Morning News: CM साय का आज मंदिर दर्शन और विधानसभा सत्र, मौसम बदलेगा, राज्यसभा चुनाव के लिए आज मतदान

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News: आज 16 मार्च 2026, सोमवार को छत्तीसगढ़ और देश में कई अहम गतिविधियां होने जा रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का व्यस्त कार्यक्रम, प्रदेश में बदलता मौसम और देश के तीन राज्यों में राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान आज की प्रमुख खबरों में शामिल हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आज का कार्यक्रम

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर और नवा रायपुर में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10:45 बजे मुख्यमंत्री निवास सिविल लाइन रायपुर से कार द्वारा रवाना होंगे और 10:55 बजे गायत्री नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचेंगे।

यहां वे करीब 11 बजे से 11:20 बजे तक पूजा-अर्चना और आरक्षित कार्यक्रम में शामिल रहेंगे। इसके बाद 11:25 बजे मंदिर से प्रस्थान कर 11:55 बजे नया रायपुर अटल नगर स्थित मुख्यमंत्री निवास सेक्टर-24 पहुंचेंगे, जहां दोपहर 2 बजे तक उनका कार्यक्रम आरक्षित रहेगा।

दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री निवास से निकलकर 2:10 बजे छत्तीसगढ़ विधानसभा पहुंचेंगे, जहां शाम 6 बजे तक विधानसभा सत्र में शामिल होंगे। इसके बाद 6:30 बजे मुख्यमंत्री सिविल लाइन स्थित अपने निवास वापस लौटेंगे।

छत्तीसगढ़ में मौसम बदलने के संकेत

प्रदेश में मौसम की बात करें तो प्रदेश में अगले 24 घंटों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग ने कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है और हल्की बारिश की संभावना जताई है।

मार्च के महीने में इस बार प्रदेश में गर्मी तेजी से बढ़ रही है। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग जैसे शहरों में तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है, जबकि राजनांदगांव में पारा 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया है।

हालांकि दक्षिण छत्तीसगढ़ खासकर बस्तर संभाग में बारिश के आसार बने हुए हैं। यहां बादल और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

सामान्य से 6 डिग्री ज्यादा तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश का तापमान इस समय सामान्य से करीब 6 डिग्री ज्यादा चल रहा है। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में कुछ इलाकों में हल्की बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

राज्यसभा चुनाव के लिए आज मतदान

देश की राजनीति में भी आज अहम दिन है। बिहार, हरियाणा और ओडिशा में राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए आज मतदान होगा। इन तीनों राज्यों में विधायक वोट डालेंगे।

मतदान सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि मतों की गिनती शाम 5 बजे से शुरू की जाएगी। तीनों राज्यों में बीजेपी और विपक्ष के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है।

क्रॉस वोटिंग की आशंका को देखते हुए कई राजनीतिक दलों ने अपने विधायकों को पहले ही रिसॉर्ट में ठहराया था, ताकि किसी तरह की खरीद-फरोख्त की संभावना को रोका जा सके।

Youthwings