दंतेवाड़ा में चलती कार में लगी भीषण आग, हाईवे पर मची अफरा-तफरी
दंतेवाड़ा। जिले के कोड़ेनार थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बास्तानार घाट में एक चलती कार अचानक आग की लपटों में घिर गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई और मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
यह घटना नेशनल हाईवे-63 पर हुई, जिसकी वजह से कुछ देर के लिए सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में अचानक धुआं उठने के बाद आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में वाहन पूरी तरह जलने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही कोड़ेनार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद हाईवे से गुजर रहे लोगों में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा।

