IPL 2026 से पहले KKR को झटका, Harshit Rana IPL 2026 से बाहर

Harshit Rana IPL 2026 की शुरुआत से पहले ही कोलकाता नाइट राइडर्स को बड़ा झटका लगा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक टीम के स्टार तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो सकते हैं। इस खबर के सामने आने के बाद KKR की गेंदबाजी को लेकर चिंता बढ़ गई है।

दरअसल, हर्षित राणा को साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप के वॉर्मअप मैच के दौरान चोट लगी थी। मैच के दौरान वह अपना रनअप सही तरीके से पूरा नहीं कर पा रहे थे। एक ही ओवर में दो बार ऐसा देखने को मिला, जिसके बाद उन्हें घुटने में तेज दर्द महसूस हुआ। दर्द के कारण वह लड़खड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए थे।

उस मुकाबले में उन्होंने सिर्फ एक ओवर ही फेंका था, जिसमें 16 रन खर्च किए थे। इसके बाद से वह लगातार मैदान से दूर हैं और फिलहाल उनकी रिकवरी में समय लग रहा है। इसी वजह से माना जा रहा है कि Harshit Rana IPL 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते हुए नजर नहीं आएंगे।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स ने अभी तक हर्षित राणा के रिप्लेसमेंट को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं किया है। टीम मैनेजमेंट फिलहाल उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

KKR के लिए अहम गेंदबाज रहे हैं राणा

हर्षित राणा की चोट को कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है। वह पिछले कुछ सीजन में टीम के प्रमुख तेज गेंदबाजों में शामिल रहे हैं और उनकी गेंदबाजी ने कई अहम मौकों पर टीम को जीत दिलाई है।

IPL 2024 में KKR के खिताब जीतने में राणा की भूमिका काफी महत्वपूर्ण रही थी। उस सीजन में उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 19 विकेट अपने नाम किए थे। उनके इस प्रदर्शन ने टीम की गेंदबाजी को मजबूती दी थी और इसी के बाद उन्हें भारतीय टीम में खेलने का मौका भी मिला।

4 करोड़ रुपये में किया गया था रिटेन

IPL 2025 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने हर्षित राणा को 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। उस सीजन में भी उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया और 13 मैचों में 15 विकेट हासिल किए। लगातार अच्छे प्रदर्शन की वजह से टीम उन्हें भविष्य का मुख्य तेज गेंदबाज मान रही थी।

डेथ ओवर्स में बड़ी जिम्मेदारी निभाने वाले थे राणा

इस बार KKR को हर्षित राणा से डेथ ओवर्स में बड़ी जिम्मेदारी निभाने की उम्मीद थी। खासकर आंद्रे रसेल के IPL से संन्यास लेने के बाद टीम उनकी भूमिका में राणा को देख रही थी। लेकिन चोट के कारण उनके बाहर होने से टीम की गेंदबाजी रणनीति पर असर पड़ सकता है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि कोलकाता नाइट राइडर्स उनकी जगह किस खिलाड़ी को मौका देती है और IPL 2026 में टीम की गेंदबाजी लाइनअप कैसी रहती है।

Youthwings