गैस सिलेंडर महंगा होने के बीच सीएम साय का भरोसा, छत्तीसगढ़ में एलपीजी की कमी नहीं
रायपुर। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के तनाव का असर अब भारत में रसोई तक पहुंच गया है। वैश्विक तेल आपूर्ति प्रभावित होने से देश में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपए और कमर्शियल सिलेंडर में 114 रुपए की बढ़ोतरी हुई है।
इस बीच छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने प्रदेशवासियों को चिंता न करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि राज्य में रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति पूरी तरह नियंत्रित है।
मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (Twitter) पर एक पोस्ट साझा करते हुए स्पष्ट किया कि एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ईंधन की आपूर्ति को लेकर किसी तरह की घबराहट की जरूरत नहीं है।
सीएम साय ने सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे रसोई गैस की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करें, स्टॉक की नियमित निगरानी करें और कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई करें।
उन्होंने प्रदेश की जनता से अपील की कि वे अफवाहों से प्रभावित न हों और केवल जरूरत के अनुसार ही गैस बुक करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रदेशवासियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और हर घर तक गैस की नियमित आपूर्ति बनी रहे।
