Bilaspur High Court Bomb Threat: बिलासपुर हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलते ही खाली कराया गया परिसर
Bilaspur High Court Bomb Threat: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित हाईकोर्ट को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे परिसर में अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि धमकी भरा संदेश ईमेल के जरिए भेजा गया था। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और तत्काल कोर्ट परिसर को खाली कराया गया।
डॉग स्क्वॉड और बम स्क्वॉड ने शुरू की जांच
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे परिसर की गहन जांच शुरू कर दी। सुरक्षा के मद्देनजर हाईकोर्ट में चल रही सुनवाई को फिलहाल रोक दिया गया है।
कोर्ट परिसर में आने-जाने वालों की जांच भी सख्त कर दी गई है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
बेमेतरा जिला न्यायालय को भी मिली धमकी
इससे पहले बेमेतरा जिला न्यायालय के आधिकारिक ईमेल पर भी धमकी भरा संदेश मिला था, जिसमें न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की बात कही गई थी।
ईमेल मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कोर्ट परिसर को खाली कराया और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया।
धमकी भरे ईमेल की जांच शुरू
पुलिस अधिकारियों के अनुसार धमकी भरे ईमेल की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह मेल किसी “सुभाष विश्वास” नाम के ईमेल आईडी से भेजा गया बताया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ईमेल कहां से और किसने भेजा है।
