Badshah Tattiri Song Controversy: बॉलीवुड सिंगर बादशाह की तलाश में जुटी पुलिस, गाने ‘टटीरी’ को लेकर जारी किया नोटिस
Badshah Tattiri Song Controversy: बॉलीवुड सिंगर आदित्य प्रतिक सिंह सिसोदिया उर्फ बादशाह बड़ी कानूनी मुश्किलों में फंस गए हैं। उनके हाल ही में रिलीज हुए गाने ‘टटीरी’ के विवाद के बाद पंचकूला पुलिस ने उनके खिलाफ FIR दर्ज की और लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत बादशाह को देश छोड़कर बाहर जाने से रोका जाएगा और उन्हें जल्द ही पुलिस के सामने पेश होना होगा।
गाने में आपत्तिजनक कंटेंट
साइबर थाना सेक्टर-20, पंचकूला में FIR नंबर 28 (दिनांक 6 मार्च 2026) के तहत मामला दर्ज किया गया। इसमें धारा 296 भारतीय दंड संहिता और इंडिसेंट रिप्रेजेंटेशन ऑफ वीमेन (प्रोहिबिशन) एक्ट, 1986 की धारा 3 व 4 के तहत कार्रवाई हो रही है। पुलिस के अनुसार वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने नाबालिग बच्चियों को स्कूल बैग फेंकते और पढ़ाई से भागते हुए दिखाया गया है। इसके अलावा, गाने में महिलाओं और लड़कियों के प्रति आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग भी किया गया।
हरियाणा रोडवेज बस और सरकारी स्कूल की जांच
वीडियो में जींद डिपो की हरियाणा रोडवेज बस दिखाई गई है। पुलिस जांच कर रही है कि बस को दिखाने के लिए विभाग से अनुमति ली गई थी या नहीं। बिना अनुमति पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ धारा 120-बी के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसी तरह, वीडियो में दिखाए गए सरकारी स्कूल परिसर की भी अनुमति की जांच की जा रही है।
पुलिस नोटिस और गिरफ्तारी की तैयारी
पंचकूला पुलिस ने बादशाह को तुरंत पुलिस के सामने पेश होने के लिए नोटिस जारी किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें विभिन्न स्थानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। लुकआउट सर्कुलर जारी होने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
यूट्यूब और सोशल मीडिया से हटाया गया गाना
पंचकूला पुलिस ने विवादित गाने को यूट्यूब चैनल से हटवा दिया है। इसके अलावा सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस गाने के वीडियो और रील्स हटवाने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं।
आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वालों पर कार्रवाई
पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति इस गाने से संबंधित वीडियो या रील्स बनाकर साझा करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई जारी है।
