Fire in Tehsil Office: बलौदाबाजार तहसील कार्यालय में भीषण आग, रिकॉर्ड रूम तक पहुंची लपटें
Fire in Tehsil Office: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब शहर के तहसील कार्यालय में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही प्रशासन और दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
बताया जा रहा है कि आग तहसील परिसर में स्थित डीएसपी कार्यालय की पुरानी बिल्डिंग की ओर से लगी, जो धीरे-धीरे फैलते हुए तहसीलदार कार्यालय की तरफ बढ़ने लगी। आग की लपटें देखते ही आसपास मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
सुबह 5 बजे लगी आग
जानकारी के मुताबिक यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे की है। बलौदाबाजार की सबसे पुरानी और ऐतिहासिक तहसील भवन में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही समय में उसने तहसीलदार कार्यालय और आसपास के हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और सबसे पहले महत्वपूर्ण रिकॉर्ड और दस्तावेजों को सुरक्षित बाहर निकलवाया गया ताकि किसी भी तरह का बड़ा नुकसान न हो।
दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की कई गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। इसके साथ ही आसपास के सीमेंट संयंत्रों से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मंगवाई गईं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर तहसील परिसर को खाली करा दिया गया और आसपास के लोगों को भी दूर रहने की सलाह दी गई।

रिकॉर्ड रूम सुरक्षित
मौके पर मौजूद एसडीएम प्रकाश कोरी ने बताया कि आग लगने से तहसीलदार कार्यालय और कुछ हिस्सों को नुकसान जरूर पहुंचा है, लेकिन रिकॉर्ड रूम को सुरक्षित बचा लिया गया है। सभी जरूरी दस्तावेज समय रहते बाहर निकाल लिए गए थे।

आग लगने के कारणों की जांच
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
