कलेक्टर का बड़ा प्रशासनिक फैसला: 12 राजस्व निरीक्षकों का तबादला, एकतरफा किया रिलीव
हाई कोर्ट
उत्तर छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में कलेक्टर ने बड़ा प्रशासनिक निर्णय लेते हुए एक दर्जन राजस्व निरीक्षकों (RI) के तबादले का आदेश जारी किया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 3 मार्च 2026 के अपरान्ह की स्थिति में सभी अधिकारियों को एकतरफा भारमुक्त (रिलीव) कर दिया गया है।
प्रशासनिक दक्षता और लोकहित का हवाला
जारी आदेश में कहा गया है कि प्रशासनिक दक्षता, कार्यों के बेहतर संपादन और लोकहित को ध्यान में रखते हुए यह तबादला किया गया है। सभी 12 राजस्व निरीक्षकों को उनके वर्तमान पदस्थापन से एकतरफा रिलीव कर दिया गया है, ताकि वे नए स्थान पर तत्काल कार्यभार ग्रहण कर सकें। कलेक्टर के इस कदम को सख्त प्रशासनिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि तबादले के बाद किसी भी तरह की सियासी हस्तक्षेप या आदेश में संशोधन की संभावना पर फिलहाल विराम लगा दिया गया है।
पटवारियों के बाद अब आरआई की बारी
गौरतलब है कि इससे पहले अंबिकापुर कलेक्टर ने दो चरणों में पटवारियों के तबादले किए थे। पहली सूची में 65 और दूसरी सूची में लगभग 65 पटवारियों को स्थानांतरित किया गया था। बताया जा रहा है कि कई पटवारी वर्षों से एक ही स्थान पर जमे हुए थे। पटवारियों के बाद अब राजस्व निरीक्षकों के तबादले से राजस्व विभाग में व्यापक फेरबदल माना जा रहा है।
नियमों के तहत जारी हुआ आदेश
जिला सरगुजा की विभिन्न तहसीलों में पदस्थ राजस्व निरीक्षकों का स्थानांतरण छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता, छत्तीसगढ़ भू-अभिलेख नियमावली (भाग-2) तथा राजस्व पुस्तक परिपत्र खंड-पांच क्रमांक-1 की कंडिका-16 के प्रावधानों के तहत किया गया है। यह आदेश राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, मंत्रालय नवा रायपुर के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जारी किया गया है।
जिन राजस्व निरीक्षकों का हुआ स्थानांतरण
स्थानांतरित किए गए राजस्व निरीक्षकों में शामिल हैं: अखिलेश कुमार सिंह, राजनंदन राजवाड़े, राजेंद्र राम, धर्मेंद्र कुमार धर दुबे, अफताब अहमद, धर्मजीत मिंज, पुनी राम पैंकरा, प्रेमशंकर राम, सुरेंद्र कुमार कुजूर, हूल सिंह, राहुल सिंह और कीर्ति सिंह।
