सुकमा में सुशासन तिहार अभियान का अंतिम चरण, सीएम विष्णुदेव साय ने दी 16 करोड़ से अधिक की विकास सौगात
सुकमा। छत्तीसगढ़ में चल रहे सुशासन तिहार अभियान अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अभियान के तहत शुक्रवार को सुकमा जिले के तोंगपाल का दौरा किया, जहां उनका पारंपरिक आदिवासी नृत्य और फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री साय ने समाधान शिविर में पहुंचकर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए सीधे संवाद किया।
समाधान शिविर में सीएम साय का निरीक्षण और दिशा-निर्देश
समाधान शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। सीएम साय ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम छोर तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, और समाधान शिविर इसी दिशा में एक बड़ा प्रयास है।
16 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तोंगपाल में आयोजित शिविर के दौरान 16 करोड़ 25 लाख रुपए से अधिक की लागत वाले विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की सड़क सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया गया है। कुछ प्रमुख विकास कार्य इस प्रकार हैं:
- कुकानार से बढ़ाईपारा (4.80 किमी) सड़क निर्माण के लिए 4 करोड़ 3 लाख 73 हजार रुपए स्वीकृत।
- चिंतलनार से किस्टारम (4.50 किमी) सड़क निर्माण हेतु 1 करोड़ 52 लाख 41 हजार रुपए।
- बुरकापाल से तोकनपल्ली (3.86 किमी) सड़क के लिए 1 करोड़ 24 लाख 61 हजार रुपए।
- मुकरम से तोंगपल्ली (5 किमी) सड़क निर्माण के लिए 1 करोड़ 24 लाख 13 हजार रुपए।
- गादीरास से मानकापाल (12 किमी) सड़क और 13 पुल-पुलियों के निर्माण हेतु 6 करोड़ 86 लाख 15 हजार रुपए।
- सुकमा-दंतेवाड़ा 23 किमी मार्ग से कासरगुड़ा तक 2 किमी सड़क के लिए 1 करोड़ 34 लाख रुपए का प्रावधान।
जनता से सीधे संवाद और योजनाओं की समीक्षा
शिविर में मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनीं और योजनाओं के लाभ से संबंधित फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सुशासन तिहार केवल एक औपचारिकता नहीं बल्कि जनता से सीधा जुड़ाव और उनके विश्वास को मजबूत करने का माध्यम है।
उच्च अधिकारी भी रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, सचिव डॉ. बसवराजू एस, कलेक्टर देवेश ध्रुव, पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
अभियान का समापन निकट
बता दें कि सुशासन तिहार अभियान का यह अंतिम चरण है और अब केवल दो दिन शेष हैं। इस अभियान के माध्यम से सरकार ने जनसमस्याओं का मौके पर ही समाधान, योजनाओं का सीधा लाभ, और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में प्रयास किए हैं।
