दुबई के पाम होटल पर ईरान ने दागी मिसाइल, हमले के बीच खाली कराया गया बुर्ज खलीफा

मिडिल ईस्ट में युद्ध की स्थिति गंभीर हो गई है। अमेरिका और इजराइल ने मिलकर ईरान के 30 शहरों पर संयुक्त एयर स्ट्राइक की है। इसके जवाब में ईरान ने ‘ऑपरेशन फतह-ए-जंग’ की घोषणा करते हुए पलटवार शुरू कर दिया है। जवाबी कार्रवाई के तहत मिडिल ईस्ट के आठ से अधिक देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया है।

 

संघर्ष की सबसे भयावह तस्वीरें दुबई से सामने आई हैं। पाम जुमेराह स्थित फेयरमोंट होटल पर मिसाइल गिरने से भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही इमरजेंसी टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। घटना में चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। आसमान में धुएं का घना गुबार देखा गया।

 

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बुर्ज खलीफा को एहतियातन खाली करा लिया गया है। दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास धमाकों के बाद सभी उड़ानों को अगले आदेश तक निलंबित कर दिया गया है।

 

तनाव बढ़ने के साथ कतर, बहरीन, कुवैत और सऊदी अरब में एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय कर दिए गए हैं। अबू धाबी में एक नागरिक की मौत की आधिकारिक पुष्टि हुई है। वहीं इजराइल के कई शहरों में युद्ध के सायरन लगातार बज रहे हैं।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ताड़ के पेड़ों के पास स्थित होटल से काला धुआं उठता दिखाई दिया और एम्बुलेंस तेज गति से मौके की ओर जाती देखी गईं। दुबई में लोगों ने आसमान में मिसाइलों को उड़ते हुए भी देखा। पूरे क्षेत्र में दहशत और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।

Youthwings