ईरान पर अमेरिका-इजरायल हमले से मिडिल ईस्ट में तनाव, फंसे भारतीयों ने मांगी मदद
अमेरिका और इजरायल ने शनिवार को ईरान पर संयुक्त हमला किया, जिसके बाद तेहरान सहित कई शहरों में लगातार हवाई हमले हो रहे हैं। जवाबी कार्रवाई में ईरान मिडिल ईस्ट में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहा है। सऊदी अरब, यूएई, कतर, इराक, कुवैत, जॉर्डन और बहरीन में भी धमाकों की खबरें सामने आई हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया है।
वर्तमान में ईरान में कई भारतीय नागरिक और छात्र फंसे हुए हैं। भारतीय दूतावास ने स्थिति को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है। इस बीच तेहरान में मौजूद एक भारतीय छात्रा ने वीडियो जारी कर भारत सरकार से मदद की अपील की है। वीडियो में छात्रा ने कहा कि हालात बेहद खराब और अनिश्चित हो चुके हैं और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आगे क्या होगा। उन्होंने विदेश मंत्रालय से जल्द और स्पष्ट निकासी व्यवस्था करने का अनुरोध किया है।
छात्रा ने कहा कि लगातार हो रहे हवाई हमलों से डर का माहौल है और स्थिति हर दिन गंभीर होती जा रही है। उन्होंने अपील की कि हालात और बिगड़ने का इंतजार न किया जाए और जल्द सुरक्षित निकासी सुनिश्चित की जाए।
वहीं बहरीन में फंसे एक भारतीय प्रोफेशनल ने वीडियो कॉल के जरिए वहां के हालात साझा किए। बातचीत के दौरान आसमान में मिसाइल गिरने के बाद उठता धुएं का गुबार भी दिखाई दिया। उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट, टैक्सी सेवाएं और कई दुकानें बंद की जा रही हैं। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शेल्टर लेने के निर्देश दिए गए हैं।
