Ajit Pawar Plane Crash AAIB Report: पेड़ों से टकराया विमान, रनवे से 50 मीटर दूर क्रैश… बारामती हादसे पर AAIB की शुरुआती रिपोर्ट
Ajit Pawar Plane Crash AAIB Report: महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता अजित पवार की मौत वाले बारामती विमान हादसे को लेकर एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने जांच की प्रगति पर विस्तृत अपडेट जारी किया है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जाएगी, ताकि मुख्य और सहायक कारणों का पता लगाया जा सके।
जांच कहां तक पहुंची
फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (FDR) से डेटा डाउनलोड कर लिया गया है और उसका विश्लेषण जारी है। कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) का डेटा नेशनल ट्रांसपोर्ट सेफ्टी बोर्ड (NTSB) की मदद से डाउनलोड किया जाएगा। यह पूरी प्रक्रिया इंटरनेशनल सिविल एविएशन ऑर्गनाइजेशन (ICAO) के Annex-13 नियमों के तहत की जा रही है।
विमान ऑपरेटर और संबंधित कर्मचारियों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। इन बयानों को तकनीकी साक्ष्यों के साथ मिलाकर क्रॉस-वेरिफाई किया जा रहा है। दुर्घटनाग्रस्त विमान का मलबा सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है, जहां विस्तृत तकनीकी जांच जारी है।
हादसे के समय हालात कैसे थे
जांच में सामने आया है कि दुर्घटना के वक्त विजिबिलिटी करीब 3 किमी थी, जबकि VFR (Visual Flight Rules) के तहत न्यूनतम 5 किमी की आवश्यकता होती है। बारामती एयरफील्ड एक अनकंट्रोल्ड एयरफील्ड है, जहां संचालन केवल VFR के तहत होता है। रनवे की मार्किंग फीकी थी और लैंडिंग के लिए आधुनिक सहायता उपकरण उपलब्ध नहीं थे।
सैटेलाइट इमेजरी में आसपास हल्के कोहरे के संकेत भी मिले हैं। उसी समय पुणे के METAR रिकॉर्ड में विजिबिलिटी 2 किमी दर्ज की गई थी।
क्रैश के वक्त क्या हुआ
रिपोर्ट के मुताबिक विमान की पहली टक्कर पेड़ों से हुई। अंतिम टक्कर रनवे-11 से करीब 50 मीटर बाईं ओर हुई। इसके बाद विमान में आग लग गई, जिससे कॉकपिट और केबिन पूरी तरह नष्ट हो गए।
आगे की जांच
AAIB ने कहा है कि ऑपरेटिंग कंडीशन्स, एयरफील्ड व्यवस्था, विमान की तकनीकी स्थिति, मानव कारक और SOP अनुपालन की समग्र जांच की जाएगी। अंतिम रिपोर्ट में मुख्य कारण स्पष्ट कर सुरक्षा सुधारों के लिए सिफारिशें जारी की जाएंगी।
