बिलासपुर में बड़ी कार्रवाई, ब्राउन शुगर के साथ तीन युवक गिरफ्तार
बिलासपुर में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ सकरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 840 मिलीग्राम ब्राउन शुगर, 25 ग्राम गांजा और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सकरी थाना प्रभारी विजय कुमार चौधरी के अनुसार 27 फरवरी को सूचना मिली थी कि हमीद अंसारी (33), निवासी तैयबा चौक तालापारा, आसमा सिटी मेण्ड्रा रोड पर पारदर्शी जिपर पुड़िया में ब्राउन शुगर लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके से गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से 840 मिलीग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पूछताछ के दौरान हमीद ने बताया कि वह अपने साथियों अमन तिवारी (24), निवासी अभिषेक नगर मंगला और ईशांत सिंह मंडलोई (24), निवासी रामा लाइफ कॉलोनी सकरी के माध्यम से प्रयागराज से ब्राउन शुगर और गांजा मंगवाता था। उसने बताया कि नशीली सामग्री ईशांत मंडलोई के घर में रखी जाती थी।
पुलिस ने रामा लाइफ सिटी स्थित मकान की तलाशी ली, जहां से 25 ग्राम गांजा, 4 नग चिलम और 2 लाइटर जब्त किए गए। हालांकि तलाशी के दौरान कोई अवैध हथियार बरामद नहीं हुआ। मौके पर अमन तिवारी को भी अभिरक्षा में लिया गया।
गौरतलब है कि ईशांत सिंह मंडलोई एक दिन पहले हुए चर्चित थार कांड में भी आरोपी है। इस मामले में तेज रफ्तार थार वाहन में चाकू लहराते घूम रहे युवकों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। ईशांत पहले फरार था, लेकिन बाद में आर्म्स एक्ट के प्रकरण में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस ने हमीद अंसारी और अमन तिवारी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।
