सागौन तस्करी का भंडाफोड़, संयुक्त कार्रवाई में 5 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर जिले के सीपत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नवापारा (जेवरा) जंगल से सागौन के ईमारती पेड़ों की अवैध कटाई और परिवहन करने वाले गिरोह को पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 16 नग सागौन लट्ठा, डीजल आरा मशीन, ब्लेड और एक पिकअप वाहन जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग ढाई लाख रुपये आंकी गई है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

 

एएसपी मधुलिका सिंह के अनुसार तड़के करीब 3:30 बजे सूचना मिली थी कि कुछ लोग नवापारा (जेवरा) जंगल में सागौन वृक्ष काटकर पिकअप वाहन में भरकर ले जाने की तैयारी में हैं। सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम ने नवापारा बैरियर के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद जंगल की ओर से आ रही पिकअप (क्रमांक CG 11 AB 0612) को रोककर जांच की गई।

 

वाहन में तिरपाल हटाते ही 16 सागौन के ईमारती लट्ठा बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। वाहन में चालक सहित कुल पांच लोग सवार थे।

 

गिरफ्तार आरोपियों में रामचंद कुर्रे (41), संतोष कुमार (50), जय सिंह ओगरे (62), लिल्लूराम पटेल (56) और रघुवीर सिंह मरावी (40) शामिल हैं, जो जांजगीर-चांपा जिले के विभिन्न गांवों के निवासी हैं।

 

पूछताछ में आरोपियों ने नवापारा जंगल से लकड़ी काटकर जांजगीर-चांपा की ओर ले जाने की बात स्वीकार की। वे लकड़ी से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

 

वनरक्षक की लिखित शिकायत पर थाना सीपत में वन अधिनियम और अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Youthwings