होली से पहले अन्नदाताओं को बड़ी राहत, 28 फरवरी को मिलेगा धान का बोनस

28 फरवरी को मिलेगा धान का बोनस

28 फरवरी को मिलेगा धान का बोनस

छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों को होली से पहले बड़ी खुशखबरी दी है। राज्य में समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को 28 फरवरी को बोनस राशि प्रदान की जाएगी। इस संबंध में कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत कुल 10,292 करोड़ रुपये की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।

मंत्रिपरिषद की बैठक में लिया गया अहम निर्णय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में यह फैसला लिया गया। सरकार ने यह तय किया कि धान का समर्थन मूल्य ₹3100 प्रति क्विंटल के मान से अंतर की राशि होली पर्व से पहले एकमुश्त किसानों को दी जाएगी। इस निर्णय से 25 लाख से अधिक किसान लाभान्वित होंगे और करीब 10 हजार करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से खातों में ट्रांसफर की जाएगी।

25 लाख से अधिक किसानों ने की धान की बिक्री

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में प्रदेश के 25 लाख 24 हजार 339 किसानों से कुल 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत बीते दो वर्षों में किसानों को 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि पहले ही दी जा चुकी है। अब होली से पहले 10 हजार करोड़ रुपये जारी होने के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 35 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा हो जाएगा।

किसानों को मिलेगा आर्थिक संबल: CM साय

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश के किसान राज्य की आत्मा और अर्थव्यवस्था की नींव हैं। सरकार का उद्देश्य केवल धान की खरीदी तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों को उनके परिश्रम का पूरा सम्मान और उचित मूल्य देना है। इस फैसले से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और त्योहार की खुशियां भी दोगुनी होंगी।

किसानों की खुशहाली के लिए प्रतिबद्ध सरकार

राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसानों की आय बढ़ाना, उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनकी खुशहाली सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है। धान बोनस का यह फैसला उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

READ MORE : पूर्व CM बघेल ने गाया ‘दे दे बुल्लवा मुसवा को’: कवर्धा धान घोटाला पर फाग गीत गाकर सरकार पर कसा तंज

Youthwings