बीजापुर में बड़ा नक्सल एनकाउंटर: इंद्रावती नदी क्षेत्र में 2 इनामी माओवादी ढेर, भारी हथियार बरामद
बीजापुर में बड़ा नक्सल एनकाउंटर
बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। इंद्रावती नदी क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना पर संयुक्त सुरक्षा बलों की टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई।
सुबह 6 बजे से चली मुठभेड़, दो माओवादी मारे गए
पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने जानकारी दी कि थाना जांगल क्षेत्र के अंतर्गत जैगुर–डोडुम इलाके में भैरमगढ़ एरिया कमेटी के सशस्त्र माओवादी कैडरों की उपस्थिति की सूचना पर 25 फरवरी 2026 की शाम को DRG टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था। 26 फरवरी की सुबह करीब 6 बजे से सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच लगातार फायरिंग होती रही।
दो इनामी माओवादी कैडर ढेर
फायरिंग थमने के बाद चलाए गए सर्च ऑपरेशन में मुठभेड़ स्थल से वर्दीधारी दो माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए। प्रारंभिक पहचान के अनुसार मारे गए माओवादी—
हिचामी मडडा – एरिया कमेटी मेंबर (ACM), भैरमगढ़ एरिया कमेटी
घोषित इनाम: ₹5 लाख
मनकी पोड़ियम – एरिया कमेटी मेंबर (ACM), भैरमगढ़ एरिया कमेटी
घोषित इनाम: ₹5 लाख
दोनों लंबे समय से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय थे।
मुठभेड़ स्थल से हथियार और विस्फोटक बरामद
सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और नक्सली सामग्री बरामद की है, जिसमें शामिल हैं—
01 SLR राइफल, 03 मैगजीन, 55 राउंड
01 INSAS राइफल, 03 मैगजीन, 19 राउंड
01 नग 12 बोर बंदूक, 02 सेल
02 हैंड ग्रेनेड, 02 देशी हैंड ग्रेनेड
डेटोनेटर, स्कैनर बैटरी, मैकेनिज्म
दवाइयां, पाउच और अन्य नक्सली सामग्री
इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी
मुठभेड़ के बाद DRG, Bastar Fighters, STF, CoBRA और CRPF की संयुक्त टीमों द्वारा आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सर्च ऑपरेशन जारी है। सुरक्षाबलों को आशंका है कि अन्य माओवादी कैडर भी क्षेत्र में छिपे हो सकते हैं।
IG बस्तर की अपील: हिंसा छोड़ें, मुख्यधारा में लौटें
पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज सुन्दरराज पट्टलिंगम ने शेष सक्रिय माओवादी कैडरों से हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पहले आत्मसमर्पण कर चुके माओवादी कैडरों की तरह बाकी लोगों को भी अब विवेकपूर्ण निर्णय लेना चाहिए। सरकार आत्मसमर्पण करने वालों को सम्मानजनक और शांतिपूर्ण जीवन देने के लिए प्रतिबद्ध है।
read more : इंजीनियर और ASO पदों पर भर्ती: ₹1.42 लाख तक सैलरी, आवेदन प्रक्रिया शुरू
