PM Modi Israel Visit: पीएम मोदी दो दिवसीय इजराइल दौरे पर रवाना, संसद को करेंगे संबोधित
PM Modi Israel Visit: प्रधानमंत्री Narendra Modi आज दो दिन के इजराइल दौरे पर रवाना हो गए हैं। बीते नौ वर्षों में यह उनकी दूसरी यात्रा है। इससे पहले वे जुलाई 2017 में इजराइल गए थे, जो किसी भारतीय प्रधानमंत्री का पहला स्वतंत्र इजराइल दौरा था।
राजधानी तेल अवीव पहुंचने पर पीएम मोदी की मुलाकात इजराइल के प्रधानमंत्री Benjamin Netanyahu से होगी। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता के साथ क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। पीएम मोदी इजराइल की संसद ‘नेसेट’ को संबोधित करेंगे और ऐसा करने वाले वे पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे। इसके अलावा वे भारतीय समुदाय के कार्यक्रम और टेक्नोलॉजी प्रदर्शनी में भी शामिल होंगे।
रक्षा सहयोग पर जोर
दौरे के दौरान भारत और इजराइल के बीच रक्षा सहयोग को लेकर अहम बातचीत हो सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार, ड्रोन खरीद, संयुक्त निर्माण और एंटी-बैलिस्टिक मिसाइल सिस्टम जैसे मुद्दों पर चर्चा संभावित है। भारत की ओर से हैरोन MK-2 ड्रोन खरीदने पर विचार किया जा रहा है, जो लंबी अवधि तक उड़ान भरने में सक्षम है।
इजराइल के ‘आयरन डोम’ एयर डिफेंस सिस्टम की तकनीक को लेकर भी दोनों देशों के बीच बातचीत की संभावना जताई जा रही है। आतंकवाद विरोधी सहयोग और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर भी जोर रहेगा।
संसद सत्र पर विवाद
पीएम मोदी का नेसेट संबोधन इजराइल की घरेलू राजनीति में विवाद का विषय बन गया है। विपक्ष ने विशेष सत्र का बहिष्कार करने की घोषणा की है। यह विवाद सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस आइजैक अमीत को आमंत्रित न किए जाने को लेकर है।
होलोकॉस्ट स्मारक का दौरा
दौरे के दूसरे दिन पीएम मोदी ‘यद वाशेम’ होलोकॉस्ट स्मारक जाएंगे, जहां वे नाजी शासन के दौरान मारे गए लाखों यहूदियों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग से मुलाकात करेंगे।
FTA और रणनीतिक रिश्ते
यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब भारत और इजराइल के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर बातचीत जारी है। दोनों देश व्यापार, रक्षा और तकनीक के क्षेत्र में साझेदारी को और मजबूत करना चाहते हैं।
भारत-इजराइल संबंधों ने 2017 के बाद नई ऊंचाई हासिल की है और यह दौरा रणनीतिक रिश्तों को और गहराई देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
