छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र: तीसरे दिन गूंजा बिलासपुर स्मार्ट सिटी और जल जीवन मिशन का मुद्दा
छत्तीसगढ़ विधानसभा में सदन की कार्यवाही शुरू
छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज तीसरा दिन रहा। प्रश्नकाल के दौरान छत्तीसगढ़ विधानसभा में स्मार्ट सिटी और जल जीवन मिशन से जुड़े अहम मुद्दों पर सदन में विस्तृत चर्चा हुई।
बिलासपुर स्मार्ट सिटी के ऑक्सीजोन का मुद्दा उठा
प्रश्नकाल में धर्मजीत सिंह ने बिलासपुर स्मार्ट सिटी के तहत प्रस्तावित ऑक्सीजोन और वृक्षारोपण को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि क्या शहर में ऑक्सीजोन का निर्माण किया गया है।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने दी जानकारी
इस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने स्पष्ट किया कि बिलासपुर में किसी भी प्रकार का ऑक्सीजोन निर्मित नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि शहर में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से उद्यानों का निर्माण किया गया है और स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण किया गया है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा ऑक्सीजोन का कोई प्रस्ताव वर्तमान में नहीं है।
विधानसभा में जल जीवन मिशन पर सवाल
प्रश्नकाल के दौरान संगीता सिन्हा ने जल जीवन मिशन (JJM) को लेकर सवाल पूछे। उन्होंने संजारी बालोद क्षेत्र में स्वीकृत कार्यों, पूर्ण और अपूर्ण योजनाओं की विस्तृत जानकारी मांगी।
JJM के अपूर्ण कार्यों पर जताई चिंता
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने JJM के तहत स्वीकृत, पूर्ण एवं अपूर्ण कार्यों की जानकारी सदन को दी। इसके बाद संगीता सिन्हा ने अपूर्ण कार्यों और गुणवत्ताहीन निर्माण को लेकर चिंता जताते हुए समय-सीमा की जानकारी मांगी। इस पर अरुण साव ने कहा कि यदि कहीं अपूर्ण या गुणवत्ताहीन कार्य हुए हैं, तो उसकी ठोस जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
JJM को लेकर सदन में तीखी बहस
जल जीवन मिशन को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों के बीच तीखी बहस देखने को मिली। सत्तापक्ष के विधायकों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पूरे प्रदेश में JJM की स्थिति ऐसी ही रही है। इसी दौरान उमेश पटेल ने जल जीवन मिशन में अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी भी सदन में मांगी।
read more : पांच करोड़ का गांजा जब्त : कंटेनर में बना था गुप्त चैंबर, बोरियों से निकला 900 KG नशा
