पांच करोड़ का गांजा जब्त : कंटेनर में बना था गुप्त चैंबर, बोरियों से निकला 900 KG नशा
Kawardha । छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी सफलता मिली है। चिल्फी थाना पुलिस ने मंगलवार सुबह एमपी-सीजी बॉर्डर पर रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर एक नागालैंड पासिंग कंटेनर से करीब 900 किलो (9 क्विंटल) गांजा जब्त किया। जब्त मादक पदार्थ की बाजार कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह इस साल जिले में अब तक की सबसे बड़ी गांजा बरामदगी है।
पुलिस को मुखबिर सूचना मिली थी कि ओडिशा से राजस्थान की ओर भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना पर चिल्फी थाना पुलिस ने हाईवे पर घेराबंदी कर संदिग्ध कंटेनर को रोका। पहली नजर में कंटेनर खाली बॉक्स और अन्य सामान से भरा दिख रहा था, लेकिन पुलिस को शक हुआ। गहन तलाशी के दौरान कंटेनर के नीचे पेशेवर तरीके से बनाया गया गुप्त चैंबर मिला।
चैंबर खोलने पर अंदर 30 बोरियां बरामद हुईं, जिनमें प्रत्येक में करीब 30 किलो गांजा था। कुल 900 किलो गांजा जब्त किया गया। तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर भी जब्त कर लिया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये है।
मौके से पुलिस ने ड्राइवर आयाज खान को गिरफ्तार किया, जो भरतपुर (राजस्थान) का निवासी है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि गांजा ओडिशा से लोड कर राजस्थान ले जा रहा था। पुलिस का मानना है कि यह संगठित अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का हिस्सा है। अब अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान सख्ती से जारी रहेगा। जिले को नशा मुक्त बनाने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने का लक्ष्य है। इस कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया है।
