Raipur Road Accident: रायपुर में दर्दनाक हादसा, धान से लदा ट्रक कार पर पलटा, सर्जरी के बाद लौट रहे दंपती समेत 3 की मौत
Raipur Road Accident: रायपुर में एक भीषण सड़क हादसे ने तीन जिंदगियां छीन लीं। धान से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर कार पर पलट गया। हादसे में कार सवार पति-पत्नी और कैब ड्राइवर की मौत हो गई।
आधे घंटे में टूट गई जिंदगी की डोर
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल दंपती को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने के आधे घंटे के भीतर दोनों ने दम तोड़ दिया।
बेटे ने पुणे से बुक की थी कैब
राजकुमार शर्मा हाल ही में बाइपास सर्जरी के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज हुए थे। वे पत्नी पद्मा शर्मा के साथ घर लौट रहे थे। बड़े बेटे ने पुणे से ऑनलाइन कैब बुक कर उन्हें भेजा था। शहर से बाहर निकलते ही नरदहा के पास हादसा हो गया।
ओवरटेक के दौरान टूटा ट्रक का पट्टा
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्पीड ब्रेकर के कारण कार धीमी थी। इसी दौरान बलौदाबाजार की ओर जा रहा धान लदा ट्रक ओवरटेक कर रहा था। झटके से ट्रक का लॉकिंग हुक टूट गया और ट्रक सीधे कार पर पलट गया।
ट्रक चालक हिरासत में
डीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने तीनों की मौत की पुष्टि की है। ट्रक चालक को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
