विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में चैंबर ऑफ कॉमर्स की महत्वपूर्ण भूमिका : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

“छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने की दिशा में व्यापारियों और उद्योगपतियों की अहम भूमिका है।” यह कहना है मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का, जो शनिवार को राजधानी रायपुर के शहीद स्मारक ऑडिटोरियम में आयोजित छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।

रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की महत्वपूर्ण भूमिका है। वे राजधानी रायपुर स्थित शहीद स्मारक ऑडिटोरियम में चैंबर के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में व्यापार, व्यवसाय और उद्योग के क्षेत्र में तीव्र विकास हो रहा है, जिससे जीएसटी संग्रहण में छत्तीसगढ़ देश में अग्रणी बन चुका है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके लिए छत्तीसगढ़ को भी समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाना होगा।

“चैंबर ऑफ कॉमर्स के शपथ समारोह में सीएम साय ने नई औद्योगिक नीति को बताया गेमचेंजर”
उन्होंने बताया कि चैंबर ऑफ कॉमर्स 62 वर्षों से सक्रिय है और इससे 12 लाख व्यापारी जुड़े हैं। इस बार संगठन के इतिहास में पहली बार चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न हुए हैं, जो संगठन की एकता और परिपक्वता का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने छोटे व्यापारियों के हित में राज्य सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए कहा कि ई-वे बिल की सीमा को 50 हजार से बढ़ाकर 1 लाख रुपये किया गया है। पेट्रोल पर वैट में 1 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई है और 10 साल पुराने 25 हजार रुपये तक के वैट मामलों को माफ किया गया है, जिससे 40 हजार व्यापारियों को राहत मिली है।

“छत्तीसगढ़ में 4.5 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, उद्योगों के लिए तैयार हो रहा बेहतर माहौल”
उन्होंने बताया कि नई औद्योगिक नीति के बाद प्रदेश में अब तक साढ़े चार लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। नवा रायपुर में सेमीकंडक्टर प्लांट की स्थापना इसी का उदाहरण है। दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु में सफल इन्वेस्टर मीट का आयोजन कर निवेशकों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए प्रोत्साहित किया गया है।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में किसानों से रिकॉर्ड दर पर धान खरीदी गई और दो वर्षों का बोनस भी प्रदान किया गया। राज्य का बजट अब 1.6 लाख करोड़ रुपये हो गया है और ऑटोमोबाइल बिक्री के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ देश में सबसे आगे है।

पूर्व राज्यपाल रमेश बैस और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी चैंबर की भूमिका की सराहना करते हुए इसे राज्य के विकास का सशक्त भागीदार बताया। अग्रवाल ने व्यापारियों से गर्मियों में लोगों को राहत देने हेतु पानी, पना और मठा वितरण का आग्रह किया।

समारोह में चैंबर अध्यक्ष  सतीश थौरानी, महामंत्री अजय भसीन, कोषाध्यक्ष निकेश बरड़िया सहित नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने शपथ ली। इस अवसर पर संत साईं उदय शदाणी, साईं लालदास, अम्मा महंत मीरा देवी समेत अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Youthwings