बिलासपुर Airport पर नाइट लैंडिंग सफल, अंबिकापुर से दिल्ली के लिए सीधी उड़ान जल्द
छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर स्थित बिलासा देवी केंवट Airport ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग का सफल ट्रायल पूरा हो गया है, जिसके बाद अब यहां से रात के समय भी विमान लैंडिंग और टेकऑफ कर सकेंगे। यह कदम क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।
ट्रायल के दौरान स्टेट प्लेन की विशेष फ्लाइट उतारी गई। इस प्रक्रिया में रनवे लाइटिंग सिस्टम, एप्रोच लाइट्स, एयर ट्रैफिक कोऑर्डिनेशन और अन्य तकनीकी मानकों की बारीकी से जांच की गई। सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। इस दौरान एयरपोर्ट डायरेक्टर और नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो के क्षेत्रीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
सबसे अहम बात यह है कि एयरपोर्ट को अब VFR (Visual Flight Rules) से IFR (Instrument Flight Rules) में अपग्रेड कर दिया गया है। इसका मतलब है कि अब खराब मौसम या रात के समय भी विमानों का सुरक्षित संचालन संभव होगा। इससे बिलासपुर से नियमित और ज्यादा फ्लाइट सेवाएं शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।
अंबिकापुर से दिल्ली के लिए सीधी उड़ान की तैयारी
इधर सरगुजा संभाग के लोगों के लिए भी राहत भरी खबर है। माँ महामाया दरिमा एयरपोर्ट से लंबे समय से बंद पड़ी हवाई सेवा फिर से शुरू होने की तैयारी में है। एयरलाइन कंपनी एलायंस एयर ने एयरपोर्ट अथॉरिटी से अनुमति मांगी है।
प्रस्ताव के अनुसार, दिल्ली से सीधे अंबिकापुर और बिलासपुर को जोड़ने वाली फ्लाइट सेवा शुरू की जाएगी। अगर सब कुछ तय समय पर हुआ तो मार्च के अंतिम सप्ताह से यह सेवा शुरू हो सकती है। इससे यात्रियों को रायपुर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और सीधे दिल्ली के लिए सफर संभव होगा।
ऐसा रहेगा फ्लाइट रूट
प्रस्तावित शेड्यूल के अनुसार, सप्ताह में दो दिन उड़ान संचालित की जाएगी। सोमवार को फ्लाइट दिल्ली से बिलासपुर पहुंचेगी, फिर बिलासपुर से अंबिकापुर जाएगी और वहां से वापस दिल्ली लौटेगी। वहीं बुधवार को दिल्ली से अंबिकापुर, अंबिकापुर से बिलासपुर और फिर बिलासपुर से दिल्ली के लिए उड़ान संचालित होगी।
बताया जा रहा है कि इस रूट पर 72 सीटों वाले ATR विमान का संचालन किया जाएगा, जिससे अधिक यात्रियों को सुविधा मिल सकेगी।
कितना होगा किराया?
इस रूट पर संभावित किराया 4500 से 6000 रुपये के बीच रहने का अनुमान है। किराया किफायती रहने से आम लोगों को भी हवाई यात्रा का लाभ मिल सकेगा। सरगुजा और बिलासपुर क्षेत्र के व्यापारियों, छात्रों और मरीजों को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
पहले क्यों बंद हुई थी सेवा?
गौरतलब है कि पहले अंबिकापुर एयरपोर्ट से Flybig ने 19 सीटर विमान सेवा शुरू की थी, लेकिन यह ज्यादा समय तक नहीं चल सकी। विमान की कमी, सही रूट प्लानिंग का अभाव और अनियमित संचालन इसके प्रमुख कारण बताए गए थे।
अब उम्मीद जताई जा रही है कि नई योजना बेहतर प्रबंधन और बड़े विमान के साथ शुरू होगी, जिससे सेवा लंबे समय तक सुचारू रूप से जारी रह सकेगी।
