सिहोरा में पत्थरबाजी के बाद बवाल, हिंदू संगठनों का प्रदर्शन.. पुलिस ने किया लाठीचार्ज
जबलपुर जिले के सिहोरा में हुई पत्थरबाजी की घटना के बाद तनाव की स्थिति बन गई। विरोध में हिंदू संगठनों ने पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ स्थानों पर दुकानों में तोड़फोड़ की गई, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। हालात को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
प्रदर्शन के दौरान बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया। इससे पहले सिहोरा थाने का घेराव भी किया गया था।
कांग्रेस विधायक आतिफ अकील ने कहा कि भीड़ फैसला नहीं करेगी और देश कानून से चलेगा। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषी चाहे किसी भी समुदाय का हो, उस पर कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने शांति बनाए रखने की अपील की।
वहीं बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि उपद्रव करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि धार्मिक कार्यक्रमों में बाधा डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
जबलपुर विधायक अजय बिश्नोई ने कहा कि शांति व्यवस्था भंग नहीं होने दी जाएगी। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी संपत उपाध्याय ने कहा कि कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और घटना की जांच जारी है।
ऐसे शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, सिहोरा ब्लॉक के आजाद चौक में गुरुवार देर रात विवाद के बाद मारपीट और मंदिर की ग्रिल तोड़ने की घटना हुई, जो बाद में पथराव में बदल गई। बताया गया कि मंदिर में आरती और पास की मस्जिद में नमाज लगभग एक ही समय पर हो रही थी। आजाद चौक क्षेत्र को पहले से अतिसंवेदनशील माना जाता है। फिलहाल प्रशासन ने दोनों पक्षों से संवाद कर शांति बनाए रखने की कोशिश शुरू कर दी है।
