AI Impact Summit में यूथ कांग्रेस का बड़ा बवाल, शर्ट उतारकर PM मोदी के खिलाफ लगाए नारे

राजधानी नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित हाई-प्रोफाइल AI Impact Summit के दौरान गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए कार्यक्रम स्थल में प्रवेश कर लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आक्रामक नारेबाजी की और “PM is Compromised” जैसे नारे लगाए। अचानक हुए इस विरोध प्रदर्शन से समिट में मौजूद देश-विदेश से आए प्रतिनिधियों और मेहमानों के बीच हड़कंप की स्थिति बन गई।

सुरक्षा घेरा तोड़कर मुख्य हॉल तक पहुंचे प्रदर्शनकारी

बताया जा रहा है कि यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता बैनर और पोस्टर लेकर अचानक मुख्य हॉल के पास पहुंच गए। मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और परिसर से बाहर निकाला। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, समिट स्थल से करीब 4–5 कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है। कुल मिलाकर 10 के आसपास लोग इस विरोध प्रदर्शन में शामिल बताए जा रहे हैं।

QR कोड एंट्री से पहुंचे भीतर, जांच शुरू

पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारी QR कोड आधारित एंट्री पास के जरिए कार्यक्रम स्थल में दाखिल हुए थे। सभी हिरासत में लिए गए लोगों को तिलक मार्ग थाना ले जाया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कड़े सुरक्षा इंतजामों के बावजूद कार्यकर्ता अंदर तक कैसे पहुंच पाए।

बीजेपी का कांग्रेस पर तीखा हमला

इस घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने इस विरोध प्रदर्शन को “राष्ट्रीय शर्म” करार दिया है।सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा कि जब भारत वैश्विक स्तर पर एक प्रतिष्ठित एआई सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है और तकनीकी नेतृत्व का प्रदर्शन कर रहा है, तब कांग्रेस ने गरिमा की बजाय व्यवधान को चुना। उन्होंने आरोप लगाया कि यह प्रदर्शन विश्व मंच पर भारत को शर्मिंदा करने की साजिश का हिस्सा था।

मालवीय ने यह भी कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का अधिकार है, लेकिन देश की वैश्विक छवि को नुकसान पहुंचाना किसी भी तरह से स्वीकार्य नहीं है।

ग्लोबल साउथ का पहला वैश्विक एआई शिखर सम्मेलन

गौरतलब है कि यह सम्मेलन ग्लोबल साउथ में भारत द्वारा आयोजित पहला वैश्विक एआई शिखर सम्मेलन है। इसमें 20 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्ष, करीब 60 मंत्री और 500 से ज्यादा वैश्विक एआई विशेषज्ञ, नीति-निर्माता और उद्योग प्रतिनिधि शामिल हुए हैं।

यह आयोजन इंडिया एआई मिशन और डिजिटल इंडिया पहल के तहत आयोजित किया गया है, जिसका उद्देश्य वैश्विक एआई संवाद को ठोस और क्रियान्वयन योग्य विकास परिणामों में बदलना है।

Youthwings