आखिर क्यों इस स्कूल में 35 बच्चों ने काटी कलाई..? प्रशासन में मचा हड़कंप…

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सरकारी मिडिल स्कूल के 35 बच्चों द्वारा अपनी कलाई काटने का मामला सामने आने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटना लगभग एक महीने पुरानी बताई जा रही है, लेकिन 13 फरवरी को अभिभावकों की शिकायत के बाद स्कूल प्रबंधन के संज्ञान में आई।

मामला कुरूद ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम दहदहा स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला का है। यहां कक्षा छठवीं, सातवीं और आठवीं के छात्रों ने किसी नुकीली वस्तु से अपनी कलाई को कुरेदकर जख्मी कर लिया था। जांच में पाया गया कि बच्चों के घाव भर चुके थे और ध्यान से देखने पर ही कट के निशान दिखाई दे रहे थे।

गांव के सरपंच डीलन चंद्राकर ने बताया कि घटना करीब 20–25 दिन पुरानी है। शुरुआत में नशे की आशंका जताई गई थी, लेकिन बाद में स्पष्ट कारण जानने के लिए प्रशासन ने संयुक्त टीम गठित की।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा और एसपी सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व और पुलिस विभाग की टीम ने मामले की जांच की। 16 फरवरी को डीएसपी रागिनी तिवारी, तहसीलदार सूरज बंछोर, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. हेमराज देवांगन और बीईओ चंद्रकुमार साहू स्कूल पहुंचे और अभिभावकों व शिक्षकों के साथ बैठक की।

इसके बाद सभी बच्चों की मनोचिकित्सक से काउंसलिंग कराई गई। अधिकारियों के अनुसार बच्चों ने बताया कि एक छात्र द्वारा हाथ काटने के बाद अन्य बच्चों ने भी देखा-देखी ऐसा किया। जांच में सामने आया कि बच्चों ने आपस में ‘चैलेंज’ लेकर खुद को बहादुर दिखाने के लिए यह कदम उठाया। इसे एक तरह का ट्रेंड या फैशन की तरह अपनाया गया।

प्रशासन ने सभी स्कूलों को ऐसी घटनाओं के प्रति सतर्क रहने और एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इसकी शुरुआत कैसे हुई और क्या इसमें किसी सोशल मीडिया ट्रेंड की भूमिका थी।

 

Youthwings