छात्रावास में भोजन व सुविधाओं को लेकर छात्राओं का हंगामा, अधीक्षिका पर गंभीर आरोप

कवर्धा। कवर्धा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के आवासीय छात्रावास की छात्राओं ने अधीक्षिका जगरानी खाका के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपी है। छात्राओं ने गुणवत्ताहीन भोजन, आवश्यक सुविधाओं की कमी और एक कर्मचारी द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है।

जिला शिक्षा अधिकारी एफ आर वर्मा ने मामले की जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

घटिया भोजन और बिगड़ता स्वास्थ्य

शिकायत में छात्राओं ने बताया कि पिछले कुछ समय से छात्रावास में निम्न गुणवत्ता का भोजन दिया जा रहा है। उनका आरोप है कि बजट में कमी का हवाला देकर भोजन की गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है।

छात्राओं का कहना है कि बाजार से सड़ी-गली सब्जियां मंगाई जा रही हैं, जिससे कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ रही है। कुछ को अधपेट रहना पड़ रहा है, जबकि कई बीमार भी हो चुकी हैं।

एक छात्रा के पिता ने बताया कि बेटी की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाना पड़ा और इलाज का खर्च परिवार को स्वयं उठाना पड़ा।

मारपीट और सुविधाओं में कमी के आरोप

छात्राओं ने छात्रावास में पदस्थ एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पर मारपीट का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि शिकायत करने पर अधीक्षिका नाराजगी जताती हैं।

इसके अलावा शासन की ओर से मिलने वाली निशुल्क आवश्यक सामग्री समय पर उपलब्ध नहीं कराए जाने का भी आरोप लगाया गया है। छात्राओं ने प्रशासन से सुरक्षित वातावरण, पौष्टिक भोजन और योजनानुसार सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की है।

अधीक्षिका ने आरोपों को बताया साजिश

छात्रावास अधीक्षिका जगरानी खाका ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे साजिश बताया है। उनका कहना है कि वे हाल ही में पदस्थ हुई हैं। पहले छात्राओं को कहीं भी आने-जाने की छूट थी, लेकिन सुरक्षा कारणों से अब सख्ती बरती जा रही है। इसी वजह से उनके खिलाफ शिकायत कराई गई है।

Youthwings