Work From Home Scam in Raipur: रायपुर में वर्क फ्रॉम होम के नाम पर 74 लाख की ठगी, युवाओं को बनाया निशाना

Work From Home Scam in Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में वर्क फ्रॉम होम के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी का मामला सामने आया है। अब तक 74 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की जा चुकी है। ठगों ने शहर की दीवारों और सार्वजनिक स्थानों पर आकर्षक पोस्टर लगाकर बेरोजगार युवाओं को जाल में फंसाया।

जानकारी के अनुसार राखी थाना क्षेत्र के पारस कुमार से 24 लाख रुपये और धरसीवा निवासी ललित साहू से 34 लाख रुपये की ठगी की गई। कोरोना काल के बाद ‘वर्क फ्रॉम होम’ का ट्रेंड बढ़ा, जिसका फायदा उठाकर साइबर अपराधियों ने बेरोजगार युवाओं को निशाना बनाया।

कैसे चलता है ठगी का खेल?

यह गिरोह सरकारी कार्यालयों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के बाहर नौकरी से जुड़े पोस्टर चिपकाता है और अखबारों में विज्ञापन भी देता है। जब कोई युवक संपर्क करता है तो खुद को बड़ी टेलीकॉम कंपनी का कर्मचारी बताकर भरोसा दिलाया जाता है। शुरुआत में दस्तावेज मांगे जाते हैं और फिर ‘सिक्योरिटी मनी’ के नाम पर 1500 से 2000 रुपये जमा करवाए जाते हैं।

इसके बाद ओटीपी, यूपीआई डिटेल और बाहरी एपीके फाइल डाउनलोड कराने के जरिए बैंक खातों से रकम निकाल ली जाती है। कई मामलों में लाखों रुपये तक की रकम साफ कर दी गई।

पुलिस की कार्रवाई

रायपुर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए राजस्थान के पाली और अजमेर से आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह पूरे प्रदेश में सक्रिय था।

पुलिस ने युवाओं को सतर्क रहने की सलाह दी है। अधिकारियों का कहना है कि कोई भी प्रतिष्ठित कंपनी नौकरी के नाम पर पैसे नहीं मांगती। अनजान लिंक, क्यूआर कोड या एपीके फाइल डाउनलोड करने से बचें और केवल आधिकारिक ऐप स्टोर से ही ऐप इंस्टॉल करें।

फिलहाल पुलिस जांच जारी है और इस तरह के फर्जी पोस्टर लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।

Youthwings