मुख्यमंत्री भगवंत मान जिस Hospital में भर्ती उसे बम से उड़ाने की मिली धमकी, 16 स्कूल भी निशाने पर, मोहाली में हाई अलर्ट

मुख्यमंत्री भगवंत मान

मुख्यमंत्री भगवंत मान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जिस Fortis Hospital Mohali में भर्ती हैं, उसे बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे मोहाली में हड़कंप मच गया। दोपहर 1:11 बजे एक धमकी भरी ई-मेल मिलने के बाद पंजाब पुलिस और खुफिया एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

ई-मेल में क्या लिखा गया?

जीमेल आईडी से भेजी गई इस धमकी भरी मेल में दावा किया गया कि मुख्यमंत्री को ‘पोलोनियम’ से संक्रमित किया गया है। मेल में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या का भी जिक्र करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। ई-मेल के अंत में ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ का नाम लिखा गया है और कुछ व्यक्तियों का उल्लेख भी किया गया है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और एजेंसियां हर पहलू से जांच कर रही हैं।

अस्पताल और स्कूलों की सुरक्षा कड़ी

धमकी के बाद फोर्टिस अस्पताल को चारों ओर से पुलिस ने घेर लिया है। पांच बम निरोधक दस्तों की तैनाती की गई है और अस्पताल में आने-जाने वाले हर व्यक्ति की सघन जांच हो रही है। मोहाली के एसपी दिलप्रीत सिंह के अनुसार, फिलहाल मुख्यमंत्री को किसी अन्य अस्पताल में शिफ्ट करने का निर्णय नहीं लिया गया है। सिर्फ अस्पताल ही नहीं, बल्कि मोहाली के 16 स्कूलों को भी इसी ई-मेल के जरिए धमकी मिली है, जिसके बाद कई स्कूलों में एहतियातन छुट्टी घोषित कर दी गई।

CBSE परीक्षा के बीच बढ़ी चिंता

आज से Central Board of Secondary Education (CBSE) की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हुई हैं। 10वीं कक्षा का गणित का पेपर निर्धारित होने के कारण छात्रों, अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन के सामने असमंजस की स्थिति बन गई। पुलिस ने साफ किया है कि सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जाएगा।

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

इससे पहले अमृतसर, जालंधर, पटियाला, मोहाली और चंडीगढ़ के स्कूलों को भी बम धमकियां मिल चुकी हैं, जो बाद में अफवाह साबित हुई थीं। हालांकि, इस बार मामला मुख्यमंत्री से जुड़ा होने के कारण प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है। पोलोनियम-210 (Po-210) को दुनिया के सबसे खतरनाक ज़हरों में गिना जाता है। यह एक रेडियोएक्टिव पदार्थ है, जो अल्फा विकिरण उत्सर्जित करता है। यदि यह शरीर में प्रवेश कर जाए तो यह आंतरिक अंगों और डीएनए को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है।

जांच जारी, अफवाहों से बचने की अपील

पुलिस और खुफिया एजेंसियां ई-मेल की तकनीकी जांच कर रही हैं। फिलहाल किसी विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।

 

Youthwings